मोतिहारी : पताही में नक्सलियों की गतिविधि बढ़ने लगी है़ तिरहुत सब जोनल कमेटी का सदस्य छोटेलाल राम अपने कुछ साथियों के साथ इलाके में कैंप कर रहा है़ उसके पास अत्याधुनिक हथियार एके 47 होने की खबर है़ खुफिया इनपुट के बाद नक्सल विरोध अभियान से जुड़े तमाम सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गये है़
एसपी सुनील कुमार ने पकड़ीदयाल अनुमंडल से सभी थानाध्यक्षों को छोटेलाल के संबंध में सूचना संग्रह कर उसके खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश दिया है़ नक्सली छोटेलाल राम पताही के जरदाहा गांव का रहने वाला है़
एक सप्ताह पहले जरदाहा गांव मे अत्याधुनिक हथियार के साथ उसे देखा गया है़ ऐसी खबर है कि हथियारबंद दस्तों के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए इलाके में कैंप कर रहा है़ एसपी के निर्देश के बाद अनुमंडल क्षेत्र में पुलिस, सीआरपीएफ व एसएसबी की संयुक्त ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है़ पताही के जरदाहा सहित, मधुबन, पकड़ीदयाल, राजेपुर, फेनहारा आदि इलाके में सघन छापेमारी की जा रही है़
