वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण के लिए लगे कैंप में दिखा प्रचार-प्रसार का अभाव
रक्सौल : आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर हर स्तर पर तैयारियां शुरू हो चुकी है. इसी कड़ी में विधानसभा चुनाव को लेकर मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि नये वोटर का नाम जुड़ सके, वोटर लिस्ट में पहले की गलतियों में सुधार हो सके साथ ही लोगों के वोटर लिस्ट से आधार कार्ड व मोबाइल नंबर को जोड़ा जा सके.
इसी को लेकर रविवार को प्रत्येक बूथ पर विशेष कैंप लगाकर लोगों का आवेदन लेना था, लेकिन रविवार इसकी पड़ताल के प्रभात खबर की टीम ने शहर के कुछ मतदान केन्द्रों का जायजा लिया तो कुछ जगह पर तो बीएलओ आये ही नहीं थे, जहां आये थे वहां पर भी लोग प्रचार प्रसार के अभाव में नहीं पहुंच सके थे.
एक मतदान केन्द्र ऐसा था, जहां पर बीएलओ के जगह उनके पति सरकारी काम को निपटा रहे थे. ऐसे में स्पष्ट है कि अनुमंडल मुख्यालय में यह आलम है तो सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों में काम कैसे हो रहा होगा. इसका सहज अनुमान लगाया जा सकता है. बहरहाल रविवार को निगरानी के लिए प्रशासन के द्वारा दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति के बाद भी इस तरह का हाल होना, व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है.
विशेष पुनरीक्षण दिवस पर बूथ का हाल
बूथ संख्या 40 : दोपहर के 12:23 बजे प्रभात खबर की टीम जब इस मतदान केन्द्र पर पहुंची तो बीएलओ विजय कुमार अनुपस्थित थे. बूथ पर लगी बेंच खाली थी व उसके बगल के कमरे में ताला लगा हुआ था. इस बूथ पर जबाब देने के लिए कोई नहीं मिला.
बूथ संख्या 41 : प्रभात खबर की टीम इस मतदान केन्द्र पर दोपहर के 12:27 बजे पहुंची. यहां पर बीएलओ अनिल कुमार मौजूद थे. लेकिन आधा दिन बीत जाने के बाद भी एक भी फॉर्म उनके पास नहीं आया था. गरमी में पंखा झेलते हुए श्री कुमार मतदाताओं का इंतजार कर रहे थे. इसी बीच बीसीओ अरविंद कुमार चौहान उक्त मतदान केन्द्र पर जांच के लिए पहुंचे.
बूथ संख्या 42 : इस केन्द्र पर भी बीएलओ नहीं आये थे. स्थानीय लोगों ने बताया कि केन्द्र के बीएलओ राधेश्याम प्रसाद सुबह से नहीं आये है.
बूथ संख्या 43 : इस मतदान केन्द्र पर बीएलओ भिखारी राम मौजूद थे. इनके पास भी दोपहर के 12:36 बजे तक एक भी फार्म नहीं जमा हुआ था.
बूथ संख्या 44 : नगर परिषद स्थित इस बूथ पर बीएलओ नहीं आये थे. मतदाता भी नहीं थे. अगल-बगल के लोगों ने बताया कि सुबह से कोई भी नहीं आया है.
बूथ संख्या 47 : आर्य समाज केन्द्र स्थित इस केन्द्र पर स्थिति संतोषजकर थी दोपहर के 12:42 बजे तक बीएलओ आकाश कुमार ने बताया कि फार्म 6,7 व 8 मिलाकर कुल 20 लोगों ने फार्म जमा किया था. साथ ही आधार कार्ड व मोबाइल नंबर को जोड़वाने के लिए भी लोग आ रहे थे.
