रक्सौल : नेपाल को केंद्र बना कर बार-बार आ रहे भूकंप के झटकों के कारण सीमाई इलाके के लोगों के मन में जो डर बस गया है, वह निकलने का नाम नहीं ले रहा है.
भूकंप को लेकर लोगों के मन में यह धारणा घर कर गयी है कि मंगलवार व शनिवार को भूकंप का झटका आ रहा है. यही कारण है कि लोग मंगलवार व शनिवार को लेकरकई कहानियां भी बना रहे हैं. वहीं लोग यह भी मान रहे है कि भूकंप आने से पूर्व मौसम खराब हो जा रहा है.
ऐसे में जब-जब मौसम खराब हो रहा है, लोग और भी भयभीत हो जा रहे हैं. खासकर मंगलवार व शनिवार को. शहर से लेकर गांव तक लोगों में चर्चा है कि हनुमान जी नाराज हो गये हैं, इसलिए मंगलवार या शनिवार को भूकंप आ रहा है. ऐसे में दर्जनों जगहों पर लोग चंदा करके हनुमान आराधना करा रहे हैं. शहर के सभी मोहल्लो में चंदा किया जा रहा है, जबकि कई गांवों में भी लोग चंदा जमा कर हनुमान जी का पूजन कराने की तैयारी में हैं.
मंगल व शनि ही क्यों
पहली बार 25 अप्रैल को भूकंप आया था, उस दिन शनिवार था. इसके हल्के झटके आते रहे, पुन: जब 12 मई को भूकंप का झटका आया था तो उस दिन मंगलवार था. सीमाई इलाके के लोगों के मन में यह बात है कि भूकंप के झटके मंगलवार या शनिवार को आ रहे हैं.
मौसम भी डर का कारण
इसके पूर्व में जितनी बार भूकंप के झटके आये हैं, उस वक्त मौसम खराब हो गया था. ऐसे में जब-जब मौसम खराब हो रहा है, लोगों को यह चिंता सताने लग रही है कि कही भूकंप ना आ जाये. आसमान में बादल छा जाने के बाद लोग ग्राउंड फ्लोर पर आ जा रहे है या सुरक्षित स्थान पर चले जा रहे हैं, कई लोगों का मानना है कि मौसम खराब होने के बाद भूकंप आता है.
अफवाहो पर न दें ध्यान
भूकंप को लेकर लोगों के मन में बसे डर के बीच जानकार लोगों को धैर्य बना कर रखने व अपने मन को मजबूत करने की अपील कर रहे हैं. बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रोजेक्ट ऑफिसर विशाल वासवानी ने बताया कि इस तरह की सारी बातें अफवाह हैं. भूकंप दिन व समय देख कर नहीं आता है. लोगों को ऐसी अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए.
