मोतिहारी : मुफस्सिल थाना अंतर्गत सिरसा कॉलोनी में ससुराल आये युवक मो शमीम ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि उसकी पत्नी चंदा खातून ने अपने प्रेमी पंचायत के मुखिया अख्तर नवाब व परिवार वालों के साथ मिल कर गले में फंदा लगा उसे मार डाला था़
मृतक के पिता मो मुस्तफा ने घटना के ढाई महीना बाद शनिवार को थाना में आवेदन देकर यह सनसनी खुलासा किया है़ पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी हत्या की पुष्टि कर रही है़ थानाध्यक्ष कुमार वैभव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की सूक्ष्मता से जांच शुरू कर दी गयी है़ उ
न्होंने बताया कि आठ जनवरी की रात शमीम का शव सिरसा कॉलोनी स्थित उसके ससुराल के घर में फंदा से लटकता हुआ बरामद किया गया था़ उस समय पत्नी चंदा खातून के बयान पर आत्महत्या का मान कर यूडी केस दर्ज किया गया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मो मुस्तफा ने शमीम की हत्या का दावा करते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी है़ उसने पतोहू चंदा के साथ उसके प्रेमी मुखिया अख्तर नवाब, पिता रज्जक मियां, मां कुरैसा खातून, भाई खलील मियां, कियाफत मियां व हसीन मियां पर हत्या का आरोप लगाया है़ मृतक मधुबनी जिला के हरलाखी बेता परसा गांव का रहनेवाला था़
अरब में था ऑपरेटर
शमीम अरब में कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करता था़ सिरसा कॉलोनी की चंदा के साथ उसकी शादी मार्च 2014 में हुई थी़ शादी के आठ माह बाद तक अपने घर पर रहा़ उसके बाद अरब जाने के लिए उसने पिता मो मुस्तफा से 50 हजार रुपये लिया़ विदेश जाने से पहले पत्नी चंदा के साथ ससुराल वालों से मिलने 28 दिसंबर 2015 को सिरसा कॉलोनी पहुंचा़ 10 दिन बाद ससुराल के घर में फंदा से लटकता हुआ शव मिला़
भाई को मिली थी सूचना
शमीम का बडा भाई मो शकील उस वक्त दिल्ली में था़ उसने अरब जाने की तारीख पूछने के लिए शमीम से बात करनी चाही, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ था़ इसके लिए उसके ससुर के पास फोन किया तो जानकारी मिली कि शमीम व उसकी पत्नी बाइक से जा रहे थे, जहां ट्रक से धक्का लगा गया़ दुर्घटना की सूचना पर परिजन यहां आये तो बताया गया कि शमीम ने गले में फंदा लगा आत्महत्या कर ली है़
फफक कर रो पड़ा मुस्तफा
मो मुस्तफा के अनुसार, शमीम की पत्नी चंदा का अपने गांव के मुखिया अख्तर नवाब के साथ गलत संबंध था़ वह शादी के बाद भी चंदा के पास फोन कर हमेशा बातचीत करता था़ चंदा भी बार-बार भाग कर अपने मायके चली आती थी़ उसने कहा कि रिश्ता कराने वाले लोगों ने जानबूझ कर फंसा दिया़ उसकी तसवीर दिखाते हुए मुस्तफा फफक कर रो पड़ा़
