नौ जून को प्रभारी पदाधिकारी ने किया था निलंबित
संचालन पदाधिकारी के रिपोर्ट पर डीएम ने की कार्रवाई
मोतिहारी : समाहरणालय परिसर में स्थित जिला राजस्व शाखा के शराबी राजस्व कर्मी मनोज कुमार पांडेय को डीएम रमन कुमार ने बर्खास्त कर दिया है. पिछले साल 8 जून को कर्मी अपने कार्यालय कक्ष में शराब पीते पकड़ा गया था. उत्पाद विभाग की टीम ने उसे पकड़ा था और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया था. इस घटना के एक दिन बाद यानी नौ जून को कार्यालय के प्रभारी पदाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निलंबित कर दिया था.
निलंबन के बाद कर्मचारी के विरुद्ध प्रपत्र क में आरोप पत्र की मांग की गयी.अपर समाहर्ता व उपविकास आयुक्त के अनुमोदन के बाद 20 दिसंबर 2018 के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई प्रांरभ करने के लिए संचालन पदाधिकारी के रूप में सदर के अनुमंडल पदाधिकारी व उपस्थापन के रूप में जिला राजस्व के प्रभारी पदाधिकारी की नियुक्ति की गयी. अधिकारियों ने जांच अभिलेख प्राप्त किया और कर्मचारी मनोज पाण्डेय के विरुद्ध आरोप पत्र दाखिल किया.
जिला प्रशासन के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्राप्त जांच प्रतिवेदन के आधार पर बिहार सरकारी सेवक नियमावली-2005 के तहत कार्रवाई की गयी. संचालन समिति द्वारा समर्पित विभागीय कार्यवाही अभिलेख व मद्य निषेध द्वारा समर्पित प्रतिवेदन में प्राप्त तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोप सत्य पाया गया.जिसे डीएम ने गंभीरता पूर्वक लेते हुए यह कार्रवाई की है. यहां बतादें कि कर्मी मनोज मधुबन अंचल में पदस्थापित थे और जिला राजस्व प्रशाखा में प्रतिनियुक्ति हुई थी.
