मोतिहारी : पूर्वी चंपारण जिले में ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को टेक्निकल शिक्षा देने के लिए सरकार ने तीन आईटीआई कॉलेज भवन सह छात्रावास निर्माण के लिए राशि आवंटित कर दी है. विभागीय स्तर पर टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गयी है. एक कॉलेज भवन सह छात्रावास के निर्माण पर 16 करोड़ रुपये खर्च होंगे.
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आईटीआई कॉलेज सिकरहना अनुमंडल के भेलवा में, पकड़ीदयाल अनुमंडल के मधुबन डिग्री कॉलेज परिसर में और केसरिया में निर्माण कार्य किया जायेगा. डेढ़ वर्ष में निर्माण कार्य पूरा कर लेना है. इसके अलावा कलेक्ट्रेट परिसर में बैठक या सभा के लिए 200 लोगों के बैठने की क्षमता वाला सभा भवन निर्माण की स्वीकृति मिली है.
इसके लिए जगह का चयन उपभोक्ता फोरम कार्यालय के पास स्थित खाली जमीन का किया गया है. 2.45 करोड़ की लागत से शीघ्र ही सभा भवन का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जायेगा. निर्माण कार्य भवन निर्माण विभाग करायेगी.
