मोतिहारी/सिकरहना : आय से अधिक संपत्ति मामले में पटना से आयी प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने मंगलवार की शाम सेवानिवृत्त पीएचइडी के कार्यपालक अभियंता रामाधार राम की करीब 88 लाख की अचल संपत्ति को जब्त की है. जानकारी के अनुसार ईओयू ने 18 जून, 2013 को भ्रष्टाचार व अन्य आरोपों के तहत श्री राम पर प्राथमिकी दर्ज करायी थी. उस समय वे सीवान में पदस्थापित थे.
अक्तूबर 2017 में चार्टशीट दाखिल हुआ. अपने कार्यकाल के दौरान बक्सर, पटना, सारण आदि में अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अपने व परिजनों के नाम पर चल-अचल संपत्ति अर्जित की. कार्रवाई के तहत चिरैया थाना के महुआवा में छह भूखंड करीब सात एकड़ व मोतिहारी में एक भूखंड को जब्त कर खाता-खेसरा के साथ बोर्ड लगादिया गया है.
ईडी के अधिकारी ने बताया कि कुल संपत्ति करीब 88 लाख की है. इस कार्रवाई में सिर्फ भूखंड पर ईडी ने बोर्ड लगाया है. आय से अधिक संपत्ति मामले में पीएमएलए कोर्ट नई दिल्ली में मुकदमा चल रहा था. सहायक निदेशक ने कहा कि उनकी मोतिहारी के बरियारपुर बिरसा नगर स्थित भूखंड को भी जब्त किया गया है. मौके पर सीओ सचिन्द्र कुमार,सीआई बासुदेव राम, थानाध्यक्ष रामबाबू प्रसाद व राजस्व कर्मचारी सहित ईडी के कई अधिकारी मौजूद थे.
