छात्र-छात्राओं के परीक्षा केंद्र अलग-अलग करने की तैयारी
आज से डाउनलोड किया जा सकेगा एडमिट कार्ड
मुजफ्फरपुर :बिहार विवि में 18 अगस्त को होनेवाले पीएचडी इंट्रेंस टेस्ट के लिए मुजफ्फरपुर के अलावा मोतिहारी व वैशाली में भी परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. कुलपति प्रो राजेश सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बैठक में यह फैसला लिया गया. परीक्षा के लिए नोडल अधिकारी प्रो संगीता सिन्हा को बनाया गया है.
मुजफ्फरपुर में पैट परीक्षा का केंद्र नीतीश्वर सिंह काॅलेज, एमडीडीएम काॅलेज व एलएनटी काॅलेज में बनाया गया है. वैशाली में आरएन काॅलेज व एलएन काॅलेज भगवानपुर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है. मोतिहारी में एमएस काॅलेज में परीक्षा केंद्र बनाया गया है. कुलपति प्रो राजेश सिंह ने बताया कि पैट के लिए पहले जो नोटिफिकेशन जारी किया था, वह राजभवन के ऑर्डिनेंस के खिलाफ था, इसलिए उसे बदल दिया गया है. इस बार परीक्षा में वैसे अभ्यर्थियों को शामिल होना जरूरी है, जिन्होंने नेट तो पास किया है, पर उन्हें फेलोशिप नहीं मिलती है. बीपीएससी से चयनित दो वर्ष से कम अनुभव वाले असिस्टेंट प्रोफेसर को भी परीक्षा में शामिल होना जरूरी है.
एक ही सीटिंग में होगी दोनों पेपर की परीक्षा
पैट की परीक्षा एक ही सीटिंग में होगी. दोनों पेपर की परीक्षा पहले सीटिंग में ही ले ली जायेगी. पिछली बार परीक्षा दाे सीटिंग में ली गयी थी. पेपर नंबर एक की परीक्षा एक घंटे की होगी और दूसरे पेपर की परीक्षा विषय संबंधित होगी जो दो घंटे की होगी. परीक्षा सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी.
छात्र डाउनलोड कर सकते हैं एडमिट कार्ड
पैट परीक्षा के लिए छात्र अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं. विवि की वेबसाइट पर एडमिट कार्ड मौजूद है. एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए छात्रों को अपना नाम और जन्मतिथि देना होगा. छात्र अपने नाम में किसी तरह का डाट या डैस नहीं डालें. छात्रों को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंच जाना होगा. परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड के साथ एक अन्य पहचान पत्र लाना होगा. पेपर फर्स्ट की परीक्षा ओएमआर सीट पर ली जायेगी.
मुजफ्फरपुर से बाहर बन सकता है परीक्षा केंद्र
पैट परीक्षा में छात्र और छात्राओं के परीक्षा केंद्र को अलग किये जाने पर विचार चल रहा है. सूत्रों के अनुसार छात्रों का परीक्षा केंद्र मुजफ्फरपुर से बाहर बनाया जा सकता है और लड़कियों का शहर में.
