अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार लाएं अधिकारी : आइजी
एसपी कार्यालय में अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
कहा कि पुलिसिंग व्यवस्था में सुधार लाने का हो रहा प्रयास
मोतिहारी : मुजफ्फरपुर प्रक्षेत्र के आइजी गणेश कुमार सोमवार को मोतिहारी पहुंचे. उन्होंने एसपी कार्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. अपराध, विधि व्यवस्था, संपत्ति मूलक अपराध से संबंधित मामले की समीक्षा करते हुए अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार लाने को कहा.
एफआईआर व केस डायरी लिखने का तरीका बताया, ताकि उसके आधार पर दोषियों को सजा दिलायी जा सके. कहा कि अभियुक्तों के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर कोर्ट में उसके खिलाफ आरोप पत्र समर्पित नहीं करे, आरोप पत्र समर्पित करने के लिए ठोस साक्ष्य होना चाहिए.
इससे पहले एसपी कार्यालय परिसर में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. उन्होंने डीएसपी व इंस्पेक्टर को हत्या, लूट,ड कैती सहित अन्य जघन्य अपराध के अनुसंधान में सुधार लाने का निर्देश दिया. समीक्षा बैठक के बाद जिला अतिथि गृह में प्रेसवार्ता के दौरान आईजी ने कहा कि मुख्यायलय स्तर पर व्यवस्था में सुधार करने का प्रयास चल रहा है. इसके लिए थाने में अनुसंधान व विधि व्यवस्था के लिए अगल-अगल टीम बनायी जा रही है.
15 अगस्त से पहले अनुसंधान व विधि व्यवस्था इकाई को अलग-अलग कर पदाधिकारियों को जिम्मेवारी सौंप दी जायेगी. आगे बताया कि थाने में मुंशी व चौकीदार अपनी मनमानी नहीं कर सकेंगे. थाने पर आने वाले शिकायतकर्ताओं की सहायता के लिए थाना लेखक पदाधिकारी की ड्यूटी रहेगी. मालखाना के लिए अलग से मालखाना प्रभारी की थाने में पोस्टिंग होगी. मौके पर चंपारण रेंज के डीआईजी ललन मोहन प्रसाद, एसपी उपेंद्र कुमार शर्मा के अलावे सभी डीएसपी व सर्किल इंस्पेक्टर मौजूद थे.
