दुखद घटना. मेहसी व पीपराकोठी में हुईं सड़क दुर्घटनाएं
एसएच 28 पर जीवधारा हाइस्कूल के पास स्कॉर्पियो ने मारी ठाेकर
आक्रोशितों ने की सड़क जाम
पीपराकोठी (मोतिहारी) : थाना क्षेत्र के राजमार्ग 28 जीवधारा हाइस्कूल के समीप गुरुवार को तेज रफ्तार में जा रही स्काॅर्पियो की ठोकर से एक महिला की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने करीब एक घंटे तक राजमार्ग को जाम कर दिया. उसकी पहचान झखरा निवासी महेश साह उर्फ भिलाई साह की 37 वर्षीय पत्नी कौशल्या देवी के रूप में हुई है, जो अपनी बेटी के लिए खाना लेकर मोतिहारी के एक निजी नर्सिंग होम में मिलने एक युवती के साथ स्कूटी पर सवार होकर जा रही थी.
बताया जाता है कि वह अपने गांव से पीपराकोठी के रास्ते मोतिहारी जाने के क्रम में जैसे ही जीवधारा हाइस्कूल के समीप पहुंची कि ड्राइव कर रही युवती का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े. इसी बीच मोतिहारी से मुजफ्फरपुर दिशा में तेज रफ्तार में जा रहे स्काॅर्पियो महिला को रौंदते हुए चली गयी. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राजमार्ग 28 को जाम कर दिया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझा कर जाम को समाप्त कराया. वही सीओ ललित कुमार झा ने परिजन को 20 हजार रुपये मुआवजा देने का आश्वासन दिया. मुखिया संतोष शर्मा ने परिजन को अंतिम संस्कार के लिए 2200 रुपये का सहयोग किया. मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी भेज दिया.
