मोतिहारी : शहर के बेलिरासय मुहल्ला में पत्नी की विदाई कराने आये युवक को ससुराल वालों ने चाकू मार घायल कर दिया. घायल युवक मनोज कुमार दरपा थाना के गम्हरिया गांव का रहने वाला है. उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. घटना को लेकर उसने नगर थाना में आवेदन दिया है. नगर पुलिस ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है. मनोज ने पुलिस को बताया है कि गुरुवार को पत्नी को विदा कराने अपने घर ले जाने शहर के बेलिसराय पोस्ट ऑफिस कॉलोनी आया था.
बिदाई शुक्रवार को होनी थी. इस संबंध में ससुराल वालों से बातचीत किया तो टालमटोल करने लगे, उसके बाद साफ कह दिया कि बिदाई नहीं करेंगे, जबकि पत्नी साथ जाने को तैयार थी. उनकी बातों का विरोध किया तो ससुर गनु राम, साला कुमार गौतम व कुमार कृष्णा भड़क गये. रॉड व चाकू से मार घायल कर दिया. खून से लथपथ देख पत्नी शोर मचायी तो उसे डांट-फटकार लगा चूप रहने को कहा. हालत गंभीर होने पर पत्नी के दबाव में आकर ससुराल वालों ने सदर अस्पताल पहुंचा, उसके बाद फरार हो गये. उसने ससुर व साला पर जानलेवा हमला करने व पॉकेट से आठ हजार कैश छीनने का भी आरोप लगाया है. नगर पुलिस ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है.
