मोतिहारी : देश को श्रेष्ठ बनाने के लिए कर्तव्यों पर ध्यान देने की जरूरत है. बाल विवाह एवं दहेज सामाजिक कुरीतियां हैं, जिसे मुक्त कराने के लिए सरकार ने संकल्प ले लिया है. अधिकारों की लड़ाई तो बहुत लड़ी गयी लेकिन अब कर्तव्यों की लड़ाई लड़ने की जरूरत है.
उक्त बातें लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री विनोद नारायण झा ने कही. वे सोमवार को शहर के नगर भवन के प्रांगण में गांधी जयंती व जिला स्थापना दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के खिलाफ शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे.
उन्होंने कर्तव्य को आदत में बदलने पर जोर देते हुए कहा कि कानून सबकुछ नहीं कर सकता. पड़ोसी देश बंगला देश,भूटान व इथोलिया का हवाला देते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनता ने मन बना लिया तो कुछ भी मुश्किल नहीं है. उन्होंने दहेज के खिलाफ मां, बेटियों व नौजवानों से आगे आने की अपील की. इस अवसर पर पर्यटन मंत्री सह नगर विधायक प्रमोद कुमार ने कहा कि बाल विवाह एवं दहेज सामाजिक कुरीतियां हैं और इसे समाप्त किये बगैर आदर्श चंपारण नहीं बनेगा. सरकार के इस आयोजन की सराहना की और कहा कि समय पर शादी होने से कुरीतियां समाप्त होगी. स्वच्छता के लिए मातृत्व शक्ति को आगे आने की अपील की और कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने जो स्वच्छता का सपना देखा था, उसे पूरा कर रहे हैं. अतिथियों का स्वागत जिलाधिकारी रमन कुमार ने किया, जबकि मौके पर उपविकास आयुक्त सुनील कुमार यादव,अपर समाहर्ता अरशद अली, मनोज कुमार रजक, विधायक सचिंद्र सिंह, राजू तिवारी के अलावा सभी विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि व सामाजिक संगठनों के लोग उपस्थित थे. इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने बाल विवाह एवं दहेज मुक्त राज्य के लिए लोगों को शपथ दिलायी.
