रक्सौल : रामगढ़वा बीडीओ जितेंद्र सिंह राहत बचाव का काम छोड़ कर मंगलवार से अचानक गायब हो गये हैं. उन्होंने विभागीय स्तर पर किसी को किसी तरह की जानकारी नहीं दी है. बताया जाता है कि मंगलवार एक बजे से बीडीओ अपने सरकारी मोबाइल व निजी नंबर को बंद कर फरार हैं.
उनके अचानक गायब होने से रक्सौल अनुमंडल में सबसे अधिक प्रभावित रामगढ़वा प्रखंड में राहत व बचाव का काम प्रभावित है. वहीं सीओ रवींद्र कुमार बाढ़ के दौरान ही बीमार पड़ जाने के कारण दिल्ली में इलाज करा रहे हैं. इससे राहत व बचाव में स्थानीय अधिकारियों के नहीं होने से प्रभाव पड़ा है. सूत्रों की मानें तो बीडीओ अपने करीबियों से यह कह कर फरार हैं कि नौकरी रहेगी या नहीं रहेगी. इस बाढ़ में हमें काम नहीं करना है.
इधर, पूछे जाने पर अनुमंडल पदाधिकारी श्रीप्रकाश ने स्वीकार किया कि बीडीओ फरार हैं. उन्होंने बताया कि डीएम को इसकी रिपोर्ट भेज रहा हूं. साथ ही आदापुर में नव पदास्थापित विजय शंकर सिंह को रामगढ़वा प्रखंड का प्रभार देने की अनुशंसा की जा रही है. एसडीओ ने बताया कि रामगढ़वा प्रखंड में राहत के काम को प्रभावित नहीं होने दिया गया है और वे अपने स्तर से राहत व बचाव के काम में जुटे हुए हैं.
सरकारी मोबाइल व निजी नंबर भी है बंद
सीओ भी हैं बीमार, बाढ़ राहत
कार्य प्रभावित
