बिहार-झारखंड के जनरल आफिसर कमांडिंग मेजर जनरल ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
मोतिहारी : बिहार-झारखंड रेंज के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल एसएस मामक ने कहा कि जिले में बाढ़ की विभीषिका के मद्देनजर सेना के जवानों ने सराहनीय कार्य किया है. बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जान-माल की सुरक्षा की बात हो या, पीड़ितों के बीच सहायतार्थ सामग्री पहुंचाना या प्रसव पीड़ा से तड़पती महिलाओं को त्वरित अस्पताल में भर्ती कराकर उनका उपचार कराना आदि कार्यों में जवानों ने अदम्य साहस का परिचय दिया है. वे शुक्रवार को पुलिस लाइन में जवानों की हौसला आफजाई के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे. कहा कि जिले में बाढ़ का प्रकोप बना है.
क्योंकि, नेपाल व सीमावर्ती क्षेत्रों में हुई भारी बारिश से बुढ़ी गंडक व गंगा के जलस्तर में वृद्धि होने की संभावना है. इसलिए मोतिहारी में बाढ़ के मद्देनजर सुरक्षा व बचाव कार्यों को लेकर जिले में कैंप कर रही सेना की टुकड़ी का अभी री-लोकेशन नहीं किया जायेगा. ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल ने कहा कि सरकार व जिला प्रशासन से बाढ़ की स्थिति से निपटने में पूरा सहयोग मिल रहा है. इस दौरान उन्होंने बाढ़ की स्थिति में अच्छा कार्य करने वाले सेना के सभी जवानों को मुंह मीठा कराया. बताते चले कि जिले में जमशेदपुर सेना की तोपखाना रेजिमेंट के जवान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगी है. इसमें फिल्ड रेजिमेंट जमशेदपुर, इंजीनियर रेजिमेंट रांची व मीडियम रेजिमेंट यूनिट के लगभग दो सौ जवान शामिल हैं. मौके पर 324 फिल्ड रेजिमेंट के कर्नल नीरज कुमार, मेजर पुनित बेदी, मेजर विपूल, कैप्टन अनिरुद्ध, डीडीसी सुनील कुमार यादव, डीएसपी पंकज रावत आदि मौजूद थे.
