चोटी काटने से किशोरी बेहोश, भरती
मधुबन : थाने क्षेत्र के माधोपुर गांव में बुधवार की दोपहर एक बच्ची की चोटी काटने का मामला प्रकाश में आया है. बच्ची गांव के ही सुदामा शर्मा की 15 वर्षीय पुत्री रीमा कुमारी है, जो दोपहर में अपने घर में सो रही थी. इसी दौरान उसकी चोटी कट गयी. जिससे वह बेहोश हो गयी. परिजनों ने उसे अस्पताल में भरती कराया. वही फेनहारा थाने के मधुरापुर के नूर आलम की पत्नी मुन्नी बेगम को बेहोशी की हालत में रुक्मिणी सेवा सदन में भरती कराया गया है. हालांकि, मुन्नी खातून के बाल नहीं काटे गये हैं. वही प्रशासन मामले को अफवाह मान लोगों से अफवाह से बचने की सलाह दे रहे हैं.
फेनहारा : प्रखंड क्षेत्र के बारा परसौनी पंचायत के पोखरिया टोला में महिला के चोटी काटने की घटना आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गयी. मंगलवार की सुबह अकरम अंसारी की 22 वर्षीय पत्नी गुलशन आरा अपने आंगन में बरतन धो रही थी, तभी अचानक उसके सर में तेज दर्द होने लगा. बरतन धोना छोड़ घर में गयी, तभी उसका दुपट्टा सर से नीचे गिर गया. घरवालों की नजर दुपट्टा के साथ कटे बाल पर पड़ी. उसके बाद पीड़िता बेहोश हो गई. पानी छिड़क कर होश में लाया गया.
ग्रामीणों में डर का माहौल के साथ चर्चा का विषय बना हुआ है. केसरिया बाल काटने की खबर अपवाह व सच के बीच लोग परेशान हैं. कही अपवाह तो कही हकीकत बनते जा रहा है. केसरिया प्रखंड के गोपालपुर गांव के उमेश यादव की 22 वर्षीय पत्नी रजनी देवी का बाल काट लिया गया. रजनी ने बताया कि घर मे अकेली काम कर रही थी की इसी बीच दो लोग पहुंच बाल काट गायब हो गये. वही बुधवार को केसरिया निवासी राजू महतो की पतोह पूनम का भी बाल काटने की सूचना है.
पहाड़पुर. जिलों के अनेक प्रखंड के बाद अब पहाड़पुर प्रखंड के नौवाडीह पंचायत के सटहा नुनिया टोली गांव मे मंगलवार की रात्रि एक युवती की चोटी काटने की घटना घटी. पीड़ित युवती ममता कुमारी पंद्रह वर्ष जो दिवान महतो की पुत्री बतायी जाती है. घटना के संबंध में बताया गया है कि ममता कुमारी अपने मां सीता देवी के लिए मंगलवार की रात्रि फलहार के लिए रसोई घर में जैसे ही पहुंची, तो बिल्ली जैसे रूप मे वह बैठी थी. इसी बीच उसने घटना को अंजाम दिया.
सूचना पर हजारों ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच उक्त लड़की को देखा तो वह बेहोश पड़ी थी. सूचना पर स्थानीय थानाध्यक्ष सीबी शुक्ला, पैक्स अध्यक्ष रघुवंश सिंह, बिहारी पटेल सहित कई लोगों ने पीएचसी पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया. वही तेजपुरवा मे दशई साह की पत्नी सरिता देवी के बाल की चोटी कट गयी, जिसको लेकर ग्रामीण लेकर पीएचसी ले जाकर इलाज करवाया. थानाध्यक्ष सीबी शुक्ला पीएचसी पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया.
कल्याणपुर. प्रखंड के वृंदावन पंचायत के सिसवा वसंत निवासी सुदाम प्रसाद यादव की 36 वर्षीय पत्नी रीना देवी घर के अंदर बैठे थी. इसी दौरान चोटी काटने पर बेहोश हो गयी.
रक्सौल. शहर के अहिरवा टोला प्रेमनगर में एक महिला की चोटी कटने का मामला प्रकाश में आया है. अहिरवा टोला की निवासी विजय गिरि की पत्नी पिंकी देवी ने बताया कि वह मंगलवार की रात अपने दो बेटे व बेटी के साथ कमरे में सोयी थी. इस दौरान रात के करीब 11:10 मिनट पर एका-एक पिंकी देवी का सर भारी हो गया और लगा जैसे की कोई चोटी में कैंची लगाकर बाल काट रहा है. इसके बाद जैसे ही उनकी नींद खुली तो कुछ भी नहीं था और जूड़ा के पास बाल कटा हुआ था.
पिंकी देवी ने बताया कि वह अपने बेटे रोहित, रंजन व खुश्बू के साथ कमरे में थी. इधर, रात में ही जैसे लोगों को घटना की खबर मिली लोग वहां जमा हो गये. इसके बाद पूरी रात लोगों ने जागकर बितायी है. ग्रामीण जोहरा खातून, निभा देव, बबीता देवी, एतवारी देवी आदि ने बताया कि इस घटना के बाद से हमलोग भय में है. रात को कोई नहीं सोया है. इस घटना को लेकर कई तरह की अफवाह पर चर्चा हो रही है. कुछ लोगों का कहना था कि रात में एक काला कूता आया था जो पिंकी देवी के घर में गया. लेकिन वापस नहीं निकला.
