कैबिनेट के फैसले : बिहार में स्वास्थ्य कर्मियों को इस साल भी एक महीने का अतिरिक्त वेतन

कोरोना ड्यूटी में लगे करीब एक लाख स्वास्थ्य कर्मियों को राज्य सरकार इस साल भी एक महीने के वेतन के बराबर अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देगी. मंगलवार को राज्य कैबिनेट की बैठक में यह निर्णय लिया.

पटना. कोरोना ड्यूटी में लगे करीब एक लाख स्वास्थ्य कर्मियों को राज्य सरकार इस साल भी एक महीने के वेतन के बराबर अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देगी. मंगलवार को राज्य कैबिनेट की बैठक में यह निर्णय लिया. इसके मुताबिक सभी डॉक्टरों व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को 2021-22 के लिए एक माह के मूल वेतन या मानदेय के बराबर कोविड प्रोत्साहन राशि दी जायेगी.

इसका लाभ सभी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों, जिला अस्पतालों, अनुमंडलीय अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, स्वास्थ्य उपकेंद्रों के सभी कर्मियों को मिलेगी. यह लगातार दूसरा साल है, जब स्वास्थ्य कर्मियों को एक माह का अतिरिक्त वेतन मिलेगा. पिछले साल भी इन्हें यह लाभ मिला था.

खरीदे जायेंगे 250 एंबुलेंस

इसके साथ ही राज्य सरकार ने 250 एंबुलेंसों की खरीदारी करने का भी निर्णय किया है. डायल 104 के तहत चल रही एंबुलेंस सेवा में इसका इस्तेमाल किया जायेगा. पुराने व जर्जर पड़ चुके एंबुलेंसों को बदलकर ये नये एंबुलेंस सेवा में शामिल किये जायेंगे.

भवन निर्माण : 42 असिस्टेंट इंजीनियरों को सेवा विस्तार

भवन निर्माण विभाग के गेट स्कोर के आधार पर संविदा पर नियुक्त किये गये कुल 42 असिस्टेंट इंजीनियरों की संविदा अवधि का अगले एक साल अथवा नियमित नियुक्ति तक के लिए विस्तार किया गया है.

सीएम पेयजल योजना को भी अवधि विस्तार

इसके साथ ही सीएम पेय जल योजना को भी राज्य कैबिनेट ने एक साल का अवधि विस्तार दिया है. अब यह योजना 2021-22 वित्तीय वर्ष में भी जारी रहेगी.

सिगल यूज्ड प्लास्टिक पर प्रतिबंध

राज्य में एकल उपयोग के बाद वाले प्लास्टिक उत्पादों के निर्माण, आयात, भंडारण, परिवहन, विक्रय और उपयोग को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है. इसको लेकर राज्य सरकार के आदेशों का अवहेलना करने पर दंडात्मक प्रावधान की स्वीकृति दी गयी है. इसकी अधिसूचना विभाग द्वारा अलग से जारी की जायेगी.

Posted by Ashish Jha

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >