बक्सर. जिले के चारों विधान में होने वाले चुनाव में मतदाताओं को मतदान के लिए पहले से अधिक समय दिया जा रहा है. आजादी के बाद से अब तक चाहे विधानसभा चुनाव हों, लोकसभा चुनाव हों या पंचायत चुनाव सभी में आम तौर पर मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक यानी कुल 10 घंटे का रखा जाता रहा है. लेकिन 2025 के विधानसभा चुनाव में चुनाव आयोग ने इस व्यवस्था में बदलाव किया है. आयोग के निर्णय के अनुसार इस बार जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों बक्सर, डुमरांव, राजपुर और ब्रह्मपुर के सभी मतदाता अब 11 घंटे तक मतदान कर सकेंगे. यानी मतदान की शुरुआत सुबह 7 बजे से होगी और मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा. इस तरह मतदाताओं को अतिरिक्त एक घंटे का समय मिलेगा, ताकि कोई भी मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रह जाये. चुनाव आयोग के अधिकारियों को माने तो यह निर्णय मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखकर लिया गया है. पिछले कुछ चुनावों में यह देखा गया था कि मतदान केंद्रों पर सुबह के समय भीड़ कम रहती है, जबकि दोपहर बाद और खासकर शाम के समय काफी भीड़ हो जाती है. कई बार लोग समय की कमी के कारण मतदान नहीं कर पाते थे. ऐसे में एक अतिरिक्त घंटे से खासकर ग्रामीण इलाकों और दिहाड़ी मजदूरों को बड़ी राहत मिलेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
