त्रिस्तरीय सुरक्षा कवच के घेरे में रहेगा स्ट्रांग रूम

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन के मद्देनजर शनिवार को जिले में स्थापित स्ट्रांग रूम का उच्च स्तरीय निरीक्षण किया गया.

बक्सर. बिहार विधानसभा आम निर्वाचन के मद्देनजर शनिवार को जिले में स्थापित स्ट्रांग रूम का उच्च स्तरीय निरीक्षण किया गया. निरीक्षण में शाहाबाद प्रक्षेत्र के डीआईजी सत्य प्रकाश, जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ विद्या नंद सिंह, पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य तथा सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय व डुमरांव के एसडीपीओ पोलस्त कुमार के अलावा उप निर्वाचन पदाधिकारी मनिरुल शेख शामिल थे. निरीक्षण के दौरान स्ट्रांग रूम परिसर में लागू थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गयी. इसके तहत प्रथम स्तर पर सीएपीएफ की नियमित तैनाती, द्वितीय स्तर पर जिला पुलिस बल की सुरक्षा परिधि व अंतिम व तृतीय स्तर पर आर्म्ड स्टैटिक गार्ड व डिजिटल निगरानी व्यवस्था की हिदायत दी गयी. स्ट्रांग रूम के अंदर एवं बाहरी परिधि में स्थापित सीसीटीवी कैमरे की 24×7 निगरानी, प्रवेश नियंत्रण प्रणाली, लॉग बुक, फायर सेफ्टी एवं संपूर्ण सुरक्षा के अनुपालन की विस्तृत जानकारी ली गई. इस क्रम में उक्त आलाधिकारियों के समक्ष स्ट्रांग रूम नोडल अधिकारी तथा डीआइओ द्वारा सुरक्षा एवं तकनीकी मॉनिटरिंग व्यवस्था पर प्रस्तुतीकरण दी गयी. पदाधिकारियों की निरीक्षण टीम ने निर्देश दिए कि मतदान तिथि से मतगणना तक किसी भी स्तर पर सुरक्षा शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी और सभी प्रोटोकॉल का सतत अनुपालन अनिवार्य रूप से किया जाए.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMLESH PRASAD

AMLESH PRASAD is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >