मटन व्यवसायी से छह लाख की लूट मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित को किया गिरफ्तार
डुमरांव.
नया भोजपुर थाना क्षेत्र के सब्जी मंडी के समीप बकरा व्यवसायी से हुई छह लाख रुपये की लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया. जांच में यह सामने आया कि पीड़ित के एक करीबी परिचित ने ही पूरे वारदात की साजिश रची थी और अपराधियों को सूचना देकर लूट की घटना को अंजाम दिलाया. पुलिस ने मामले में मुख्य साजिशकर्ता बड़का सारिमपुर निवासी जियाउल इस्लाम उर्फ सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है. उसके पास से एक लाख रुपये नकद भी बरामद किये गये हैं. पुलिस अब फरार तीन अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.कुर्बानी पर्व के लिए बकरा खरीदने गया था व्यवसायी : घटना शनिवार दोपहर करीब दो बजे की बताई जा रही है. डुमरांव के चिकटोली निवासी राजा कुरैशी, जो बकरा खरीद-बिक्री और मटन दुकान का व्यवसाय करते हैं, आगामी कुर्बानी पर्व को लेकर बकरों की खरीदारी के लिए निकले थे. उन्होंने दो दिन पूर्व किसी व्यक्ति से छह लाख रुपये उधार लिए थे. राजा कुरैशी अपने परिचित जियाउल इस्लाम उर्फ सिपाही के साथ बक्सर गये थे, जहां चार बकरों का सौदा भी तय हुआ, लेकिन कीमत पर सहमति नहीं बनने के कारण खरीदारी नहीं हो सकी थी. इसके बाद दोनों वापस लौटने लगे थे.एक लाख रुपये बरामद, अन्य आरोपियों की तलाश जारी : एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने इस मामले का खुलासा किया. एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसके बयान के आधार पर अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा और शेष लूटी गई रकम तथा हथियार बरामद कर लिए जायेंगे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.