चलते ऑटो से उचक्के ने किराना व्यवसायी से 47 हजार रुपये उड़ाये
Copied link
पीड़ित कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियांव गांव निवासी शिव कुमार कानू हैं
डुमरांव.
डुमरांव में सोमवार की दोपहर करीब एक बजे दिनदहाड़े उचक्कों ने चलते ऑटो में एक किराना व्यवसायी को निशाना बनाते हुए 47 हजार रुपये पार कर दिये. घटना को इतनी सफाई से अंजाम दिया गया कि पीड़ित को तुरंत इसकी भनक तक नहीं लगी. बाद में पैसे गायब होने का पता चलते ही उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करायी. जानकारी के अनुसार, कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियांव गांव निवासी शिव कुमार कानू, जो आटा मिल संचालक होने के साथ किराना व्यवसाय भी करते हैं, सोमवार सुबह राजगढ़ स्थित पीएनबी बैंक से 48 हजार रुपये निकाले थे. इसके बाद उन्होंने कुछ जरूरी काम किये और घरेलू सामान की खरीदारी में एक हजार रुपये खर्च कर दिये. बाकी 47 हजार रुपये उन्होंने अपनी शर्ट की जेब में रख लिए. करीब एक बजे वे छठिया पोखरा टेंपो स्टैंड पहुंचे और गांव लौटने के लिए एक ऑटो में सवार हुए. उनके अनुसार, ऑटो में दो संदिग्ध युवक भी बैठे थे. नंदन डीएवी स्कूल के समीप पहुंचते ही दोनों युवक मौका पाकर उनकी जेब से रुपये निकालकर उतर गये. कुछ देर बाद उन्हें पैसे गायब होने का एहसास हुआ. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गयी. थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने खुद मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस टीम पीड़ित के साथ घटनास्थल और बैंक जाकर उचक्कों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.