केसठ. प्रखंड के दसियांव गांव स्थित पोखरा शिव मंदिर के परिसर में हरसु मानस मंडल के तत्वाधान में बाबा हरसु जयंती के अवसर पर 25वां पांच दिवसीय श्रीराम कथा कार्यक्रम श्रद्धा एवं भक्ति के साथ संपन्न हो गया. इस दौरान विधिवत हवन-पूजन, वैदिक मंत्रोच्चार, भगवान शिव का रुद्राभिषेक एवं श्रीराम कथा का आयोजन किया गया. कथा के दौरान श्रीराम-जानकी विवाह प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया गया. जिसे सुनकर श्रद्धालु भक्तिरस में डूब गए और पूरा वातावरण राममय हो उठा. कथावाचन के साथ चल रहे यज्ञ एवं मंत्रोच्चार से पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया. कार्यक्रम में दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने बाबा हरसू ब्रह्म के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित किये. अंतिम दिन भव्य भंडारे का आयोजन किया गया. जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया. साथ ही धर्म, संस्कृति एवं आध्यात्मिक क्षेत्र में योगदान देने वाले विद्वतजनों एवं अन्य सहयोगियों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष श्यामाकांत दूबे ने की. जबकि संचालन सतीश कुमार द्विवेदी ने किया. आयोजन को सफल बनाने में बाबा हरसू मानस मंडल के पदाधिकारियों,सदस्यों एवं ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा.
दसियांव में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनायी गयी हरसू ब्रह्म बाबा की जयंती
इस दौरान विधिवत हवन-पूजन, वैदिक मंत्रोच्चार, भगवान शिव का रुद्राभिषेक एवं श्रीराम कथा का आयोजन किया गया.
