बक्सर में ट्रैक्टर से स्कूल पहुंच रहे शिक्षक, पानी में डूबी नदांव की सड़क; पढ़ाई पर भी मंडराया संकट

बक्सर के नदांव मध्य विद्यालय में जलजमाव के कारण शिक्षक ट्रैक्टर से स्कूल पहुंचने को मजबूर हैं। प्रधानाध्यापक ने डीएम को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया है।

बक्सर जिले के मुख्यालय से सटे नदांव गांव का मध्य विद्यालय इन दिनों अनोखी परेशानी से जूझ रहा है. विद्यालय तक पहुंचने वाली मुख्य सड़क बारिश और सोन नहर के पानी से जलमग्न हो गयी है. हालात ऐसे हैं कि विद्यालय में पदस्थापित करीब 30 शिक्षक और शिक्षिकाएं रोजाना ग्रामीणों के सहयोग से ट्रैक्टर के सहारे स्कूल पहुंच रहे हैं. शिक्षक करीब 100 से 200 मीटर तक का रास्ता ट्रैक्टर से तय कर विद्यालय पहुंचते हैं. जलजमाव के कारण विद्यालय चारों ओर से पानी से घिर गया है, जिससे पठन-पाठन और शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ गयी है.

सड़क पर पानी भरने से ट्रैक्टर बना शिक्षकों का सहारा

नदांव जाने वाली सड़क लंबे समय से अपनी बदहाली को लेकर चर्चा में रही है. अब बारिश और सोन नहर के पानी ने समस्या को और गंभीर बना दिया है. सड़क पर पानी भर जाने के कारण दोपहिया वाहन से विद्यालय तक पहुंचना मुश्किल हो गया है. ऐसे में ग्रामीणों की मदद से शिक्षक ट्रैक्टर पर सवार होकर विद्यालय पहुंच रहे हैं. प्रतिदिन शिक्षकों को पानी से भरे रास्ते को पार कर स्कूल तक जाना पड़ रहा है.

विद्यालय परिसर में भी जमा है पानी

लगातार बारिश और नाले के माध्यम से सोन नहर का पानी आने के कारण विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में जलजमाव हो गया है. इससे शिक्षक और छात्र-छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में परेशानी हो रही है. जलजमाव के कारण परिसर में आवागमन बाधित है और सामान्य शैक्षणिक गतिविधियों पर भी इसका असर पड़ रहा है.

बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता

प्रधानाध्यापक ने जिला प्रशासन को भेजे पत्र में बताया है कि जलजमाव की वजह से छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है. लंबे समय तक पानी जमा रहने से संक्रमण और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की आशंका भी है. विद्यालय के आसपास बने नाले को ढकने की आवश्यकता भी बतायी गयी है, ताकि चेतना सत्र के दौरान बच्चों और शिक्षकों को परेशानी न हो.

प्रधानाध्यापक ने डीएम और शिक्षा विभाग को लिखा पत्र

समस्या के समाधान के लिए मध्य विद्यालय नदांव के प्रधानाध्यापक डॉ सुरेंद्र कुमार सिंह ने जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला पदाधिकारी को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया है. पत्र में विद्यालय परिसर और पहुंच पथ से जलजमाव दूर कराने के साथ सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया गया है, ताकि विद्यालय में पठन-पाठन सुचारू रूप से संचालित हो सके.

बोले प्रधानाध्यापक- दोपहिया से पहुंचना भी मुश्किल

प्रधानाध्यापक डॉ सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मुख्य सड़क पर पानी भर गया है. इसके कारण विद्यालय तक दोपहिया वाहनों से पहुंचना भी मुश्किल हो गया है. इसे देखते हुए ग्रामीणों के सहयोग से शिक्षक और शिक्षिकाएं ट्रैक्टर के माध्यम से विद्यालय पहुंच रहे हैं. उन्होंने बताया कि बारिश के पानी के साथ सोन नहर का पानी भी सड़क की ओर बह आया है, जिससे पूरा रास्ता पानी में डूब गया है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आशुतोष सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >