बक्सर में आज से गुरु पूर्णिमा महोत्सव, सात दिनों तक गूंजेगी श्रीमद्भागवत कथा

बक्सर में 7 दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव का शुभारंभ श्रीसीताराम विवाह महोत्सव आश्रम में 22 जुलाई से हो रहा है. इस आयोजन में प्रतिदिन शाम 4 बजे से श्रीमद्भागवत कथा का वाचन श्याम चरणदास जी महाराज द्वारा किया जाएगा.

Buxar News : बक्सर शहर के नाई बाजार स्थित श्रीसीताराम विवाह महोत्सव आश्रम में मंगलवार से सात दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव का शुभारंभ होगा. 22 से 28 जुलाई तक चलने वाले इस आध्यात्मिक आयोजन में प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है.

सात दिनों तक होगी श्रीमद्भागवत कथा

महोत्सव के दौरान प्रतिदिन शाम 4 बजे से श्रीमद्भागवत कथा का गायन एवं प्रवचन होगा. कथा का वाचन श्रीमामजी महाराज के कृपापात्र श्याम चरणदास जी महाराज करेंगे. कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और सदाचार का संदेश दिया जाएगा.

भव्य सजावट, तैयारियां पूरी

आश्रम के महंत राजाराम शरण जी महाराज ने बताया कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. आश्रम परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, बैठने तथा सुरक्षा के समुचित प्रबंध किए गए हैं. आयोजन में सहयोग के लिए स्वयंसेवकों की भी तैनाती की गई है.

श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील

महंत राजाराम शरण जी महाराज ने कहा कि गुरु पूर्णिमा गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण और कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन पर्व है. उन्होंने श्रद्धालुओं से परिवार सहित महोत्सव में शामिल होकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने और आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने की अपील की. बक्सर के धार्मिक क्षेत्र में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Onkar nath mishra

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >