बक्सर में सावन की आखिरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव से गूंजा केसठ

सावन की अंतिम सोमवारी पर शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।

Buxar News : सावन की अंतिम सोमवारी पर सोमवार को केसठ प्रखंड पूरी तरह शिवभक्ति में डूबा रहा. प्रखंड के विभिन्न गांवों के शिवालयों में अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी. भक्तों ने स्नान कर पूजा की थाली सजायी और भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग पर जलाभिषेक कर बेलपत्र, पुष्प और अक्षत अर्पित किया. मंदिरों में दिनभर हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा.

महिलाओं की रही सबसे अधिक भीड़

केसठ, कतिकनार, रामपुर, दसियांव, डिहरा समेत अन्य गांवों के शिवालयों में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही. इनमें महिलाओं की संख्या अधिक रही. श्रद्धालुओं ने गंगाजल और दूध से भगवान शिव का अभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि, शांति तथा मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की.

शिवालयों में गूंजता रहा हर-हर महादेव

अंतिम सोमवारी को लेकर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना के साथ भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया. देर शाम तक कई शिवालयों में धार्मिक कार्यक्रम चलते रहे. हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आया. भक्तों का कहना था कि सावन में भगवान भोलेनाथ की पूजा करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं.

कांवर लेकर सुल्तानगंज और बक्सर रवाना हुए शिवभक्त

सावन की अंतिम सोमवारी पर कांवरियों में भी खासा उत्साह रहा. गेरुआ वस्त्र धारण कर कांवरियों के जत्थे भगवान शिव को गंगाजल अर्पित करने के लिए सुल्तानगंज और बक्सर रवाना हुए. कांवरियों के जयघोष से रास्तों में भी भक्तिमय माहौल बना रहा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गिरिश द्विवेदी

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >