बक्सर: सावन की अंतिम सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, हर-हर महादेव के जयकारे से गूंजा प्रखंड

सावन की अंतिम सोमवारी पर शिवभक्तों में भारी उत्साह देखने को मिला. विभिन्न शिवालयों में 'हर-हर महादेव' के जयकारे गूंजे और श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. विशेषकर कंचनेश्वर नाथ मंदिर में भक्तों की अपार भीड़ जुटी.

Buxar Sawan Last Monday: सावन की अंतिम सोमवारी पर डुमरांव प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिवालय हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठे. अंतिम सोमवारी को जलाभिषेक को लेकर शिवभक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला. सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं. महिला श्रद्धालुओं की संख्या भी काफी अधिक रही.

विभिन्न शिवालयों में हुआ जलाभिषेक

प्रखंड के कोरानसराय, मठिला, मुंगाव, अमसारी, नेनुआ, सोंवा सहित विभिन्न शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया. भक्तों ने बेलपत्र, रोली, चंदन और पुष्प माला अर्पित कर मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना की. श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की.

कंचनेश्वर नाथ मंदिर में सबसे अधिक भीड़

कोरानसराय के कचैनिया स्थित विनोबा वन के बाबा कंचनेश्वर नाथ मंदिर में अंतिम सोमवारी पर सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली. सुबह से ही श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ बाबा कंचनेश्वर नाथ का जलाभिषेक किया. श्रद्धालुओं ने बताया कि इस वर्ष सावन में चार सोमवारी पड़ी हैं. सभी सोमवारी को उन्होंने बाबा कंचनेश्वर नाथ का जलाभिषेक किया. अंतिम सोमवारी पर बाबा के दरबार में मत्था टेककर सुख-शांति की प्रार्थना की.

बाबा कंचनेश्वर नाथ की महिमा में आस्था

मंदिर पहुंचे भक्तों ने कहा कि बाबा कंचनेश्वर नाथ की महिमा निराली है. सच्चे मन से यहां आने वाले श्रद्धालुओं की बाधाएं दूर होती हैं और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं. अंतिम सोमवारी पर मंदिर परिसर में पूरे दिन आस्था और भक्ति का माहौल बना रहा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विनीत कुमार मिश्रा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >