Traffic Remained Disrupted For Hours : बक्सर के केसठ प्रखंड मुख्यालय को केसठ बस स्टैंड से जोड़ने वाली जर्जर सड़क पर बालू लदा एक ट्रक धंस गया. ट्रक के सड़क में फंस जाने के कारण घंटों आवागमन बाधित रहा. काफी मशक्कत के बाद क्रेन और जेसीबी की मदद से ट्रक को सड़क से बाहर निकाला गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका.
जानकारी के अनुसार बालू लदा ट्रक प्रखंड मुख्यालय की ओर जा रहा था. इसी दौरान सड़क की खराब स्थिति के कारण उसका चक्का सड़क में धंस गया. ट्रक के बीच सड़क पर फंस जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. काफी प्रयास के बाद ट्रक को हटाया जा सका.
आठ माह से अधूरा पड़ा है सड़क निर्माण
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क लंबे समय से जर्जर है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं. बारिश के बाद इन गड्ढों में कीचड़ जमा हो जाने से आवागमन की परेशानी और बढ़ गई है. ग्रामीणों ने बताया कि करीब आठ माह पहले सड़क निर्माण के नाम पर ठेकेदार द्वारा जेसीबी से सड़क को उखाड़ दिया गया था. उस समय लोगों को जल्द सड़क निर्माण पूरा होने की उम्मीद थी, लेकिन आठ माह बीतने के बाद भी काम पूरा नहीं हो सका है.
ग्रामीणों ने जल्द निर्माण की मांग की
सड़क की बदहाली के कारण पैदल चलने वाले लोगों के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की स्थिति खराब होने के कारण आए दिन आवागमन प्रभावित होता है. लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है, ताकि आवागमन की समस्या दूर हो सके.
