Buxar News : रेलयात्री कल्याण समिति के सौजन्य से डुमरांव के निवर्तमान अनुमंडलाधिकारी (एसडीएम) राकेश कुमार के सम्मान में रविवार को टुड़ीगंज बाजार स्थित जय हनुमान कॉम्प्लेक्स में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बक्सर से रघुनाथपुर तक समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया. इस दौरान राकेश कुमार को शॉल, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया.
समिति के सामाजिक कार्यो की SDM ने की सराहना
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी एवं पूर्व प्रमुख बद्री विशाल सिंह ने की, जबकि संचालन समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने किया. समारोह का शुभारंभ शंभू चौरसिया के स्वागत गीत से हुआ. मुख्य अतिथि राकेश कुमार ने कहा कि रेलयात्री कल्याण समिति केवल रेल यात्रियों की समस्याओं तक सीमित नहीं है, बल्कि विभिन्न सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाती है. उन्होंने कहा कि प्रशासन को जब भी सहयोग की आवश्यकता हुई, समिति के सदस्य हमेशा आगे रहे.
'डुमरांव का अपनापन हमेशा रहेगा याद'
राकेश कुमार ने कहा कि जहां भी उनकी नई जिम्मेदारी होगी, डुमरांव के लोगों का स्नेह, सहयोग और अपनापन हमेशा उनके साथ रहेगा. उन्होंने समिति के निस्वार्थ सेवा भाव की सराहना करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया.
'जनप्रिय अधिकारी के रूप में बनाई अलग पहचान'
डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि राकेश कुमार ने एक प्रशासनिक अधिकारी से बढ़कर अभिभावक की भूमिका निभाई. उन्होंने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुना और उनका समाधान कराया. उन्होंने कहा कि ऐसे जनप्रिय अधिकारी विरले ही मिलते हैं, जो अपने कार्यों से लोगों के दिलों में स्थायी स्थान बना लेते हैं.
बड़ी संख्या में गणमान्य लोग रहे मौजूद
विदाई समारोह में भारत भूषण सिंह, रासबिहारी राय, विजेंद्र सिंह यादव, जनशक्ति खबर के उपेंद्र सिंह, दैनिक भास्कर के ब्यूरो चीफ रविशंकर श्रीवास्तव, पंकज पटेल, कर्मेंद्र सिंह, अभिषेक मेहता, अनिल सिंह, अखिलेश केशरी, रामबाबू कुशवाहा, उमेश प्रसाद, उदय सिंह, जनार्दन सिंह, ओमप्रकाश सिंह, कुमार राम अवतार, अनिरुद्ध सिंह, मुन्ना चौबे, लल्लू सिंह, दीनेश्वर सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे.
