Buxar News : बक्सर जिले के राजपुर प्रखंड अंतर्गत हरपुर और हेठुआ पंचायतों में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया. डीसीएलआर शशिभूषण ने शिविर का निरीक्षण कर अधिकारियों को सभी लंबित आवेदनों का निर्धारित समय सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
दो पंचायतों में लगे विभागीय स्टॉल
हरपुर पंचायत में मुखिया पूनम देवी के नेतृत्व में सहयोग शिविर आयोजित किया गया. आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन जमा किए. खेती का मौसम होने के कारण अपेक्षा से कम लोग शिविर में पहुंचे.
66 आवेदन मिले, 34 मामलों का हुआ समाधान
शिविर में दोपहर तीन बजे तक हरपुर पंचायत से 17 और हेठुआ पंचायत से 49 आवेदन प्राप्त हुए. कुल 66 आवेदनों में से 34 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाया गया.
डीसीएलआर ने दिया 10 दिन में समाधान का निर्देश
शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे डीसीएलआर शशिभूषण ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का हर हाल में 10 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.
ग्रामीणों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील
अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं और सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन सहयोग शिविर में देकर इसका लाभ उठाएं. उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना है.
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
शिविर में एडीएम अरुण कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार, सीओ डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह, आरओ रूपा कुमारी, बीपीआरओ अभिषेक पाठक, बीएओ ऋषिकेश यादव, बीएचओ मुन्ना सिंह, बीसीओ पप्पू कुमार, मुखिया प्रतिनिधि पिंटू राय, सरपंच फुटुचंद सिंह, बीडीसी रामाशीष साह, राजेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे.
