Buxar News : राजपुर प्रखंड क्षेत्र की खरहना पंचायत में पंचायत विकास शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गयी और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन लिये गये. इस दौरान ग्रामीणों की ओर से कुल 29 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें आठ मामलों का मौके पर ही त्वरित निष्पादन कर दिया गया.
डीडीसी ने स्टॉलों का किया निरीक्षण
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंची उप विकास आयुक्त निहारिका छवि ने सभी विभागों की ओर से लगाये गये स्टॉलों का बारीकी से निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली. इसके साथ ही ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की.
दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डीडीसी निहारिका छवि ने कहा कि पंचायत विकास शिविर राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है. इसका उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराना है, ताकि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें. उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने बेझिझक रखें. प्रत्येक समस्या का नियमानुकूल समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा.
लाभुकों के बीच बांटे गये जरूरी दस्तावेज
कार्यक्रम के दौरान बीडीओ मनोज कुमार और बीपीआरओ अभिषेक पाठक की मौजूदगी में लाभुकों के बीच श्रम कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र और फार्मर रजिस्ट्री कार्ड का वितरण किया गया. अधिकारियों ने ग्रामीणों को संबंधित योजनाओं और दस्तावेजों के उपयोग की जानकारी भी दी.
सभी विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने-अपने स्टॉल के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और आवेदन प्राप्त किये. इस अवसर पर बीएओ ऋषिकेश यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे.
मौके पर समाधान से ग्रामीणों को मिली राहत
शिविर में प्राप्त 29 आवेदनों में आठ का तत्काल निष्पादन होने से संबंधित ग्रामीणों को मौके पर ही राहत मिली. पंचायत स्तर पर इस तरह के शिविर आयोजित होने से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं और योजनाओं की जानकारी मिल रही है. इससे सरकारी योजनाओं तक लोगों की पहुंच आसान होने की उम्मीद है.
