बक्सर: राजपुर में अत्याधुनिक नर्सरी का शुभारंभ, किसानों को आधुनिक खेती अपनाने की सलाह

बक्सर जिले के राजपुर प्रखंड में कृषि फार्म हाउस में अत्याधुनिक नर्सरी का उद्घाटन हुआ है. यह किसानों को कम जमीन में अधिक आय के लिए आधुनिक खेती, विशेषकर फल, फूल और सब्जी उत्पादन अपनाने के लिए प्रेरित करेगा.

Buxar News : बक्सर जिला के राजपुर प्रखंड के खीरी पंचायत अंतर्गत कोनौली गांव स्थित कृषि फार्म हाउस में अत्याधुनिक नर्सरी का शुभारंभ किया गया. इसका उद्घाटन जिला उद्यान पदाधिकारी किरण भारती और प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार ने संयुक्त रूप से किया. इस दौरान अधिकारियों ने फार्म हाउस परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.

कम जमीन में बेहतर आय के लिए नई खेती अपनाएं किसान

जिला उद्यान पदाधिकारी किरण भारती ने कहा कि बदलते समय में जमीनों के छोटे-छोटे हिस्सों में बंटने से किसानों के पास खेती योग्य भूमि का आकार घटता जा रहा है. ऐसे में किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ फल, फूल और सब्जी उत्पादन जैसी आधुनिक तकनीकों को अपनाना होगा. इससे कम जमीन में भी बेहतर आमदनी हासिल की जा सकती है.

बीडीओ ने किया पौधों का निरीक्षण, जैविक खेती पर दिया जोर

बीडीओ मनोज कुमार ने फार्म हाउस में लगाए गए विभिन्न फल, फूल और सब्जियों के पौधों का निरीक्षण किया. उन्होंने कहा कि किसानों को रासायनिक उर्वरकों के कम इस्तेमाल और जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि फार्म हाउस में तैयार होने वाले उत्पादों की बिक्री के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके.

किसानों की समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन

इस दौरान किसान अंकित सिंह ने खेती से जुड़ी समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा. अधिकारियों ने उनकी समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि किसानों को तकनीकी जानकारी और सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जाएंगे.

किसानों ने लिया आधुनिक खेती का संकल्प

कार्यक्रम में किसान उमेश कुशवाहा, चंदन सिंह, उदय नारायण सिंह, जयप्रकाश सिंह, कृषि समन्वयक धनंजय राय, सत्यनारायण राय, अभिषेक कुमार, एटीएम प्रिया कुमारी सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे. अधिकारियों ने किसानों से आधुनिक तकनीक अपनाकर खेती को लाभकारी बनाने की अपील की.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kamal pankaj

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >