बक्सर वालों के लिए राहत: सुधाकर सिंह की पहल के बाद इटाढ़ी रेलवे फाटक फिर खुलेगा, एक हफ्ते में शुरू हो सकता है आवागमन

बक्सर के इटाढ़ी रेलवे फाटक को फिर से खोलने की मिली सैद्धांतिक अनुमति। सांसद सुधाकर सिंह के प्रयासों से स्थानीय लोगों को भीषण जाम से मिलेगी बड़ी राहत।

Buxar News : बक्सर शहर और आसपास के लोगों के लिए राहत भरी खबर है. स्टेशन के पूर्वी दिशा में स्थित इटाढ़ी रेलवे फाटक (गुमटी संख्या-70B) को दोबारा आम लोगों के आवागमन के लिए खोलने की सैद्धांतिक अनुमति मिल गयी है. बक्सर के लोकसभा सांसद सुधाकर सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने में करीब एक सप्ताह का समय लग सकता है. इसके बाद फाटक को स्थायी रूप से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा.

ओवरब्रिज टूटने के बाद बंद कर दिया गया था फाटक

इटाढ़ी रेलवे गुमटी के समीप करीब 26.40 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित रेल ओवरब्रिज बनाया गया था. आम जनता के लिए खोले जाने के महज सात दिनों के भीतर ही ओवरब्रिज क्षतिग्रस्त होकर ध्वस्त हो गया था. इसके बाद रेल प्रशासन ने 31 मई 2026 से पुराने रेलवे फाटक को भी पूरी तरह बंद कर दिया था. फाटक बंद होने के बाद लोगों को कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही थी.

रेल मंत्री के सामने सांसद ने उठाया था मामला

सांसद सुधाकर सिंह ने रेलवे फाटक बंद होने और ओवरब्रिज के क्षतिग्रस्त होने का मामला रेल मंत्री के सामने उठाया था. उन्होंने रेल मंत्री को पत्र भेजकर ओवरब्रिज निर्माण में कथित भ्रष्टाचार की उच्चस्तरीय जांच, दोषियों के खिलाफ एफआईआर और इटाढ़ी रेलवे फाटक को दोबारा खोलने की मांग की थी. इसके अलावा उन्होंने लोकसभा में तारांकित प्रश्न के माध्यम से भी इस मुद्दे को उठाया था.

फाटक खुलने से हजारों लोगों को मिलेगी राहत

इटाढ़ी रेलवे फाटक के दोबारा खुलने से बक्सर शहर के साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. फाटक बंद रहने के कारण लोगों को वैकल्पिक रास्तों से लंबी दूरी तय करनी पड़ रही थी. इससे शहर में यातायात का दबाव और जाम की समस्या भी बढ़ रही थी. फाटक खुलने के बाद लोगों को सीधे आवागमन की सुविधा मिल सकेगी.

फाटक खोलने को लेकर लगातार हो रहे थे आंदोलन

रेलवे फाटक को दोबारा खोलने की मांग को लेकर विभिन्न संगठनों की ओर से लगातार आंदोलन किया जा रहा था. कांग्रेस और दलित-अति पिछड़ा स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा की ओर से रेल रोको अभियान और धरना भी दिया गया था. आंदोलन के दौरान कई नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ आरपीएफ की ओर से प्राथमिकी दर्ज की गयी थी.

सांसद बोले- जनता की सुविधा प्राथमिकता

सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि जनता की सुविधा और बक्सर के विकास से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाना उनकी प्रतिबद्धता है. इटाढ़ी रेलवे फाटक को दोबारा खोलने की सैद्धांतिक अनुमति मिलने से लंबे समय से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है.

Also Read : राखी बांधने आई हजारों छात्राएं, रौशन आनंद ने दिया ऐसा तोहफा कि रह गई दंग; फ्री लाइब्रेरी-किताबों का ऐलान



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ओंकार नाथ मिश्रा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >