अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने इ-रिक्शा को मारी टक्कर, घर की बाउंड्रीवाल में घुसी

नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजार समिति रोड स्थित नेहरू स्मारक विद्यालय के समीप मंगलवार की सुबह एक सड़क हादसा हो गया.

बक्सर. नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजार समिति रोड स्थित नेहरू स्मारक विद्यालय के समीप मंगलवार की सुबह एक सड़क हादसा हो गया. अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने पहले एक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मारी, फिर आगे बढ़ते हुए एक घर की बाउंड्रीवाल से जा टकरायी. टक्कर इतनी तेज थी कि दीवार में बड़ा छेद हो गया और स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. जबकि हादसे में इ-रिक्शा चालक और एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सदर अस्पताल बक्सर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. घायलों की पहचान रेलवे गुमटी पाण्डेय पट्टी निवासी निर्मल कुमार गुप्ता (50) और सिविल लाइन निवासी ई-रिक्शा चालक दीपक कुमार (25) के रूप में हुई है. डॉक्टरों के अनुसार इ-रिक्शा चालक की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है. हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गयी. जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो जिला प्रशासन की है, जिस पर “राज्य कर संयुक्त आयुक्त, वाणिज्य कर विभाग, बक्सर अंचल, बिहार सरकार का बोर्ड लगा हुआ है. वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर BR44P8196 बताया जा रहा है. जिस घर की बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त हुई है, वह शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी दीपक पांडेय का बताया जा रहा है. उन्होंने बताया कि स्कॉर्पियो की टक्कर से उनकी बाउंड्रीवाल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है. वहीं घटना को लेकर करीब एक घंटे तक जमकर लोगों ने प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की उसके बाद मौके पर नगर थाने के पुलिस पहुंची और लोगों को समझा बूझकर जाम को हटाया गया. सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल भेजा गया है. फिलहाल किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है. स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गयी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMLESH PRASAD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >