डुमरांव. बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर जिला प्रशासन की तैयारी तेजी से आगे बढ़ रही है. शनिवार को डुमरांव विधानसभा क्षेत्र (201) में सामान्य प्रेक्षक एनके गुंडे ने मतदान प्रक्रिया से जुड़ी विभिन्न तैयारियों का निरीक्षण किया. उन्होंने राज उच्च विद्यालय, डुमरांव परिसर में आयोजित मतदान मशीन इवीएम वीवीपैट के परीक्षण एवं मॉक पोल की कार्यवाही का बारीकी से अवलोकन किया. निरीक्षण के दौरान सामान्य प्रेक्षक ने मशीनों की कार्यप्रणाली, तकनीकी अनुपालन, सीलिंग प्रक्रिया तथा परीक्षण की संपूर्ण व्यवस्था को परखा. उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और सतर्कता सुनिश्चित की जाए. सभी कर्मियों को चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों का अक्षरशः पालन करने की हिदायत दी गई. मॉक पोल की प्रक्रिया राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुई, जिससे मतदान प्रक्रिया की विश्वसनीयता और पारदर्शिता को और बल मिला. सामान्य प्रेक्षक ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का सबसे पवित्र पर्व है, अतः प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी को पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से निभाएं. इसके बाद उन्होंने नावानगर चेकपोस्ट का भी निरीक्षण किया. वहां वाहनों की जांच व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, लॉग रजिस्टर रख-रखाव, टीम की तैनाती तथा रिपोर्टिंग प्रणाली की समीक्षा की. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि चेकपोस्ट पर हर समय सतर्कता बनी रहनी चाहिए. किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई को गंभीरता से लिया जाएगा. इस अवसर पर प्रेक्षक के साथ डुमराँव के अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी राकेश कुमार तथा उनकी पूरी टीम मौजूद रही. सभी ने तैयारियों की जानकारी विस्तार से दी और आवश्यक निर्देशों को संज्ञान में लिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
