Buxar News : बिहार चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की राज्य कार्यकारिणी के निर्णय के आलोक में शनिवार को डुमरांव में स्वास्थ्य कर्मियों ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया. स्वास्थ्य कर्मियों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ आरवी प्रसाद के कार्यालय के समक्ष सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों से संबंधित मांग पत्र सौंपा. प्रदर्शन की अध्यक्षता कुमारी सोनमति और कुमारी जुली राज ने संयुक्त रूप से की.
कर्मचारी विरोधी नीतियों पर जताया आक्रोश
प्रदर्शन के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए संघ की जिला अध्यक्ष गायत्री कुमारी ने सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों पर आक्रोश जताया. उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण कर्मचारियों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं. उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों की समस्याओं के समाधान और कर्मचारियों के हितों की रक्षा की मांग की.
श्रमिकों के अधिकारों पर हमले का लगाया आरोप
राज्य संघर्ष संयुक्त मंत्री ने कहा कि सरकार श्रमिकों के श्रम का शोषण कर उनके जनवादी अधिकारों पर लगातार हमला कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां लगातार बाजारोन्मुखी होती जा रही हैं, जिससे रोजगार के नये अवसर कम हो रहे हैं. उन्होंने कर्मचारियों से अपने अधिकारों के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया.
एएनएम का वेतन उपस्थिति पंजी से देने की मांग
स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर कार्यरत महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं यानी एएनएम के वेतन भुगतान को लेकर पूर्व की तरह उपस्थिति पंजी की व्यवस्था लागू करने की मांग की. कर्मियों का कहना था कि उपस्थिति के लिए बायोमेट्रिक व्यवस्था को लेकर जारी आदेश को वापस लिया जाना चाहिए.
जिला कैडर के कर्मियों को उसी कैडर में रखने की मांग
प्रदर्शन के दौरान सभी जिला कैडर कर्मियों को जिला कैडर में ही रखने की मांग भी प्रमुखता से उठायी गयी. संघ के नेताओं ने कर्मचारियों से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान के लिए सरकार से ठोस पहल करने की मांग की.
बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी हुए शामिल
सभा को बिनेश्वर प्रसाद, कृष्णा प्रसाद, अभिषेक कुमार श्रीवास्तव, चिंता कुमारी और सुमन प्रकाश सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया. वक्ताओं ने कर्मचारियों की विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर एकजुटता बनाये रखने का आह्वान किया. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मियों ने भाग लिया.
