पेंट का काम शुरू करने से पहले ही मजदूर ने तोड़ा दम, जांच में जुटी पुलिस

कोरानसराय थाना क्षेत्र के सुघर डेरा गांव में बुधवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया.

डुमरांव. कोरानसराय थाना क्षेत्र के सुघर डेरा गांव में बुधवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब झारखंड से काम की तलाश में आये एक बुजुर्ग मजदूर की अचानक संदिग्ध हालात में मौत हो गयी. घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में सनसनी और शोक का माहौल बन गया. मृतक की पहचान झारखंड के चतरा जिले के भूली थाना अंतर्गत पत्थरगोड़ा निवासी लगभग 60 वर्षीय सुधीर महतो के रूप में हुई है, जो पेशे से पेंटर थे और रोजाना की मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. काम की तलाश में गांव आया था मजदूर : प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुघर डेरा गांव निवासी कमलेश सिंह के बड़े भाई का झारखंड के भूली क्षेत्र में व्यवसाय है. वहीं पर सुधीर महतो से घर में पेंट कराने की बात तय हुई थी. इसी सिलसिले में उन्हें दैनिक मजदूरी पर सुघर डेरा गांव बुलाया गया था. मंगलवार को सुधीर महतो गांव पहुंचे थे. शाम को उन्होंने परिवार के साथ भोजन किया और उसी घर में रुक गये, जहां उन्हें अगले दिन पेंट का काम शुरू करना था. बुधवार सुबह करीब 8 बजे जब गृहस्वामी कमलेश सिंह उन्हें जगाकर काम शुरू कराने पहुंचे, तभी सुधीर महतो की अचानक तबीयत बिगड़ गयी. कुछ ही पलों में उनकी हालत बेहद गंभीर हो गयी. घर के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वे बेसुध हो गये. आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए ले जाने की तैयारी की गयी, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गयी. इस अप्रत्याशित घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गयी. पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम से खुलेगा राज : घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस और मृतक के परिजनों को दी गयी. सूचना मिलते ही कोरानसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी. थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मामला अचानक तबीयत बिगड़ने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है परिजनों में मचा कोहराम, गांव में पसरा मातम : इधर, सुधीर महतो की मौत की खबर मिलते ही झारखंड स्थित उनके घर में कोहराम मच गया. परिवार के लोग बेसुध है. रोजी रोटी की तलाश में बाहर गए सुधीर की इस तरह अचानक मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMLESH PRASAD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >