Buxar Weather News : मानसूनी बारिश के असर से बक्सर में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. पिछले 14 दिनों में नदी का जलस्तर अपने न्यूनतम स्तर से 2.80 मीटर ऊपर पहुंच गया है. हालांकि फिलहाल बाढ़ का कोई तत्काल खतरा नहीं है, लेकिन जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से तटवर्ती गांवों के लोगों की चिंता बढ़ने लगी है.
7 जुलाई के न्यूनतम स्तर से लगातार बढ़ रहा पानी
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 7 जुलाई को गंगा का जलस्तर 48.73 मीटर दर्ज किया गया था, जो इस माह का न्यूनतम स्तर था. 15 जुलाई से जलस्तर बढ़ने का सिलसिला शुरू हुआ. 16 और 17 जुलाई को पानी बढ़ने की रफ्तार 3 सेंटीमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई. इसके बाद 18 से 21 जुलाई तक जलस्तर 1 सेंटीमीटर प्रति घंटा की दर से लगातार बढ़ रहा है.
51.53 मीटर पर पहुंचा गंगा का जलस्तर
21 जुलाई को दोपहर 12 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार गंगा का जलस्तर 51.53 मीटर दर्ज किया गया. दोपहर के बाद भी नदी का जलस्तर बढ़ने का क्रम जारी रहा और वर्तमान में भी पानी लगभग 1 सेंटीमीटर प्रति घंटा की गति से बढ़ रहा है.
बाढ़ का खतरा नहीं, लेकिन प्रशासन सतर्क
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार बक्सर में गंगा का चेतावनी स्तर 59.32 मीटर और खतरे का निशान 60.32 मीटर निर्धारित है. वर्तमान जलस्तर इन दोनों बिंदुओं से काफी नीचे है, इसलिए फिलहाल बाढ़ का खतरा नहीं है. इसके बावजूद प्रशासन नदी के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए है.
जलकुंभी बढ़ने से बढ़ा डिस्चार्ज का संकेत
गंगा के तेज प्रवाह के साथ बड़ी मात्रा में जलकुंभी भी बहकर आ रही है. विशेषज्ञों का मानना है कि पानी की सतह पर जलकुंभी की अधिक मात्रा इस बात का संकेत है कि ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों से नदी में भारी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है. इससे आने वाले दिनों में जलस्तर में और वृद्धि की संभावना बनी हुई है.
