Dumraon Paddy Transplantation Buxar : बक्सर जिला के डुमरांव प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में धान की रोपनी का काम छिटपुट रूप से शुरू हो गया है, लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं होने से किसान परेशान हैं. खेतों में पानी की कमी के कारण किसान निजी ट्यूबवेल और बोरिंग के सहारे सिंचाई कर किसी तरह धान की रोपनी कर रहे हैं. इससे खेती की लागत भी लगातार बढ़ रही है.
Buxar News : निजी ट्यूबवेल के सहारे हो रही रोपनी
कुशलपुर पंचायत के कुल्हवां गांव के किसान मनीष सिंह, जितेंद्र सिंह, सतेंद्र सिंह, अमरेश सिंह और शिवमुनि गोंड ने बताया कि अब तक अच्छी बारिश नहीं हुई है और क्षेत्र में नहर की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है. ऐसे में निजी ट्यूबवेल से खेतों में पानी भरकर दिन-रात रोपनी का कार्य किया जा रहा है.
बारिश नहीं हुई तो बढ़ेगी मुश्किल
किसानों का कहना है कि यदि जल्द झमाझम बारिश नहीं हुई तो धान की रोपनी का कार्य गंभीर रूप से प्रभावित होगा. फिलहाल केवल सीमित क्षेत्रों में ही रोपनी हो पा रही है और अधिकांश किसान अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं.
नहर सूखने से बढ़ी परेशानी
कोरानसराय क्षेत्र के किसान दयाशंकर तिवारी, भोला तिवारी और सुरेंद्र सिंह ने बताया कि एक दिन पहले नहर में पानी आने से रोपनी का काम शुरू हुआ था, लेकिन अब नहर फिर सूख गई है. इसके कारण किसानों को दोबारा निजी ट्यूबवेल का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे सिंचाई खर्च बढ़ गया है और खेती पर आर्थिक दबाव भी बढ़ रहा है.
