Buxar News : स्थानीय थाना क्षेत्र में शादी के बाद पति की शैक्षणिक योग्यता को लेकर शुरू हुआ विवाद गंभीर रूप ले लिया. विवाहिता ने आरोप लगाया है कि शादी से पहले उसके पति को बीएड उत्तीर्ण बताया गया था, लेकिन ससुराल पहुंचने के बाद प्रमाणपत्र देखने पर उसमें पति की जगह उसके भाई का नाम अंकित मिला. इसको लेकर सवाल उठाने पर विवाहिता के साथ मारपीट की गयी और दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है.
24 जून को हुई थी शादी, प्रमाणपत्र देखने के बाद बढ़ा विवाद
थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के सेमरिया गांव निवासी छोटन राम की पुत्री की शादी 24 जून 2026 को कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के सोवा गांव निवासी जनार्दन राम के पुत्र राकेश राम के साथ हुई थी. विवाहिता का आरोप है कि ससुराल पहुंचने के बाद जब उसने पति की बीएड डिग्री का प्रमाणपत्र देखा, तो उसमें राकेश राम की जगह उनके भाई का नाम अंकित था. इसके बाद उसने प्रमाणपत्र को लेकर सवाल उठाया.
हाथ-पैर बांधकर मारपीट करने का आरोप
विवाहिता ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि प्रमाणपत्र में नाम को लेकर आपत्ति जताने पर पति और ससुराल के अन्य सदस्यों ने उसके साथ मारपीट की. आरोप है कि उसके हाथ-पैर बांधकर भी मारपीट की गयी और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गयी. पीड़िता ने ससुराल वालों पर लगातार दहेज की मांग कर प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है.
पति समेत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी
पीड़िता के आवेदन पर कृष्णाब्रह्म थाना में पति राकेश राम, देवर राजन राम, ससुर जनार्दन राम समेत कुल सात लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है. प्राथमिकी में सास, ननद और अन्य ससुरालवालों को भी आरोपित बनाया गया है.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि विवाहिता के आवेदन के आधार पर सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि प्राथमिकी में लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी.
