बक्सर: डुमरांव पुलिस ने स्कूलों में चलाया साइबर जागरूकता अभियान, बच्चों को बताए ऑनलाइन सुरक्षा के उपाय

डुमरांव थाना पुलिस ने शहर के राज प्लस टू हाई स्कूल और सीपीएस हाई स्कूल में साइबर जागरूकता अभियान चलाया. छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध से बचाव के तरीके बताए गए. इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने के गुर सिखाए गए.

Buxar News : डुमरांव थाना पुलिस ने मंगलवार को शहर के राज प्लस टू हाई स्कूल और सीपीएस हाई स्कूल में साइबर जागरूकता अभियान चलाकर छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध से बचाव के तरीके बताए. अभियान के दौरान विद्यार्थियों को इंटरनेट और सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया.

ओटीपी, पासवर्ड और संदिग्ध लिंक से रहें सतर्क

थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने कहा कि साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं. ऐसे में किसी के साथ ओटीपी, बैंकिंग जानकारी या सोशल मीडिया का पासवर्ड साझा नहीं करना चाहिए. उन्होंने व्हाट्सएप, ई-मेल या अन्य माध्यमों से आने वाले संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने और अनजान वेबसाइटों से ऐप या गेम डाउनलोड करने से बचने की सलाह दी.

सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचें

थानाध्यक्ष ने विद्यार्थियों से कहा कि वे सोशल मीडिया पर अपना घर का पता, मोबाइल नंबर, स्कूल का नाम या अन्य व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक न करें. फेसबुक, इंस्टाग्राम और ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से बचें तथा सभी ऑनलाइन खातों के लिए मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करें.

साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत

उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन ब्लैकमेल करने की कोशिश करे या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो बिना घबराए तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को इसकी जानकारी दें. साथ ही फर्जी लॉटरी, केबीसी और बैंक खाता बंद होने जैसी कॉल व संदेशों से सावधान रहने की अपील की.

1930 हेल्पलाइन की दी जानकारी

थानाध्यक्ष ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाए तो बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या निकटतम थाना में शिकायत दर्ज कराएं. उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम जागरूकता है.

अभियान में प्रधानाचार्य अनुराग मिश्रा, करीना सिंह, उमेश कुमार ओझा, राजेश कुमार गुप्ता, तेज प्रताप सिंह, किरण यादव, अभयानंद प्रजापति सहित शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sujeet Kumar

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >