बक्सर में जनगणना-2027 की तैयारी तेज, गांव-शहर का जुटेगा पूरा डेटा; DM ने गुणवत्तापूर्ण संकलन का दिया निर्देश

बक्सर डीएम ने जनगणना-2027 के तहत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण डेटा संकलन के लिए कड़े निर्देश दिए गए हैं।

Buxar News : डीएम सह प्रधान जनगणना अधिकारी साहिला की अध्यक्षता में जनगणना-2027 के तहत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका यानी DCHB के कार्यों की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गयी. बैठक में संबंधित पदाधिकारियों को ससमय, गुणवत्तापूर्ण और शुद्ध डेटा संकलन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. अधिकारियों ने बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य मई 2026 में पूरा किया जा चुका है, जबकि द्वितीय चरण की जनगणना फरवरी 2027 में प्रस्तावित है.

25 जुलाई तक फील्ड फंक्शनरीज को दिया गया प्रशिक्षण

प्रथम चरण के बाद DCHB कार्य के लिए सभी चार्ज से फील्ड फंक्शनरीज की सूची प्राप्त कर ली गयी है. जनगणना कार्य निदेशालय से आये प्रशिक्षकों द्वारा संबंधित कर्मियों को जिला स्तर पर 20 से 25 जुलाई तक प्रशिक्षण दिया जा चुका है. अब प्रशिक्षित कर्मियों के माध्यम से ग्राम और शहरी क्षेत्रों से संबंधित आंकड़ों का संकलन किया जायेगा.

गांव और शहर की मिलेगी समग्र तस्वीर

जिला जनगणना हस्तपुस्तिका में जिले के सभी राजस्व ग्रामों और शहरों से जुड़ी महत्वपूर्ण जनसांख्यिकीय, सामाजिक-आर्थिक और आधारभूत संरचना संबंधी जानकारी शामिल की जायेगी. फील्ड ऑफिसर्स द्वारा ग्राम निर्देशिका और शहरी निर्देशिका के लिए आंकड़ों का संकलन DCHB ऐप और पोर्टल के माध्यम से किया जायेगा.

ग्रामीण क्षेत्रों में इन 9 क्षेत्रों की जुटेगी जानकारी

ग्रामीण क्षेत्रों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पेयजल, संचार एवं सड़क, बैंकिंग एवं अन्य सुविधाएं, विद्युत, भूमि उपयोगिता तथा कृषि एवं कृषि संबंधी उत्पादन सहित नौ प्रमुख अनुभागों से जुड़ी सूचनाएं संकलित की जायेंगी. इसका उद्देश्य गांवों में उपलब्ध सुविधाओं और संसाधनों की विस्तृत तस्वीर तैयार करना है.

शहरों की भी तैयार होगी विस्तृत निर्देशिका

नगरीय क्षेत्रों में नगर के विकास का इतिहास, जलवायु एवं मौसम, नगरीय आधारभूत संरचना एवं सुविधाएं, शैक्षणिक सुविधाएं, मनोरंजन एवं सांस्कृतिक सुविधाएं, उद्योग एवं बैंकिंग, स्वास्थ्य तथा मलिन बस्तियों में उपलब्ध नागरिक एवं अन्य सुविधाओं सहित नौ प्रमुख अनुभागों की जानकारी जुटायी जायेगी.

बिना सत्यापन के डेटा नहीं होगा स्वीकार

बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी अनुभागों की सूचनाओं का संकलन प्राधिकृत स्रोतों और भौतिक सत्यापन के आधार पर किया जाये. संबंधित विभागों को संदर्भ वर्ष अथवा तिथि 31 दिसंबर 2025 तक की वांछित सूचनाएं उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि DCHB का काम निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता और शुद्धता के साथ पूरा किया जा सके.

कई विभागों के अधिकारी बैठक में रहे मौजूद

बैठक में सहायक समाहर्त्ता, उप विकास आयुक्त, जिला जनगणना अधिकारी सह अपर समाहर्त्ता, अपर जिला जनगणना अधिकारी सह जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, ग्रामीण क्षेत्रों के सभी चार्ज अधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगरीय क्षेत्रों के चार्ज अधिकारी सह नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. इनमें सिविल सर्जन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, नजारत उप समाहर्त्ता, विद्युत, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण एवं पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका, जिला कल्याण पदाधिकारी और बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े पदाधिकारी शामिल थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >