Buxar News(ओंकार नाथ मिश्र): बक्सर के सिंडिकेट बुधनपुरवा वार्ड नंबर 34 में एक दलित परिवार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. घटना को लेकर पीड़ित चंदन रविदास ने टाउन थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है. पुलिस को दिए आवेदन में पीड़ित ने पड़ोस के ही कई लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने, जातिसूचक शब्द कहने और आभूषण छीनने का गंभीर आरोप लगाया है.
लाठी-डंडे और लोहे के हथियार से किया हमला
पीड़ित का कहना है कि 24 मई की शाम करीब 7 बजे अपने घर के सामने बैठा था. उसी दौरान पड़ोस के कपूर राम, रविन्द्र राम, दारोगा राम, कुंदन राम सहित उनके घर की 5-6 महिलाएं अचानक एकजुट होकर लाठी, डंडा, फाइटर और लोहे के गड़ासा जैसे घातक हथियार के साथ पहुंच गए. जब पीड़ित ने उनसे करण पूछा तो आरोपी जातिसूचक और गंदी गालियां देने लगे. इसके बाद आरोपियों ने जबरन घर में घुसकर हमला कर दिया. कपूर राम ने लोहे के फाइटर से चंदन के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया और खून बहने लगा. बीच-बचाव करने आई चंदन की मां और पत्नी के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई.
सोने का मंगलसूत्र छीन लिया, जान से मारने की धमकी
आरोपियों ने चंदन की मां के बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की. पीड़ित का आरोप है कि इस मारपीट के दौरान कपूर राम ने उसकी पत्नी के गले से करीब एक भर का सोने का मंगलसूत्र भी छीन लिया. जाते-जाते आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने और घर छोड़कर भाग जाने की धमकी दी.
इस संबंध में एसएचओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि “पीड़ित परिवार की ओर से मारपीट, जातिसूचक शब्द कहने और आभूषण छीनने के आरोपों को लेकर एक लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस छानबीन में जुट गई है.
Also Read: घर के पास मिला था युवक का शव, अब आरोपी को मिली उम्रकैद
