buxar news : ब्रह्मपुर से 25 हजार रुपये का इनामी कुख्यात अपराधी विजय पांडेय गिरफ्तार

buxar news : हत्या सहित आठ संगीन मामलों में नामजद व जिले के टॉप-टेन अपराधियों में है शामिल

buxar news : डुमरांव. डुमरांव अनुमंडल पुलिस को नये साल की बड़ी कामयाबी मिली है. लंबे समय से फरार चल रहे जिले के टॉप टेन अपराधियों में शामिल 25 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी को पुलिस ने ब्रह्मपुर से गिरफ्तार कर लिया है.

एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में की गयी इस कार्रवाई में पुलिस ने बगेनगोला थाना क्षेत्र के पोखरहा गांव निवासी विजय पांडेय (पिता-स्व शिव परसन पांडेय) को ब्रह्मपुर चौरास्ता के पास से दबोचा. गिरफ्तारी सूचना के आधार पर की गयी. रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि विजय पांडेय पर बगेनगोला थाने में सात तथा मुरार थाने में एक कुल आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, डकैती जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं. उसके खिलाफ बगेनगोला थाना कांड संख्या 25/2017, 46/2018, 46/2019, 17/2020, 26/2020, 100/2020, 17/2021 एवं मुरार थाना कांड संख्या 55/2021 दर्ज हैं.

सभी मामलों में उसकी जमानत याचिकाएं खारिज हो चुकी थीं, इसके बावजूद वह वर्षों से फरार चल रहा था. एसडीपीओ ने बताया कि बक्सर एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर उसकी गिरफ्तारी के लिए एसआइटी का गठन किया गया था. वैज्ञानिक अनुसंधान और लगातार खुफिया निगरानी के बाद पुलिस को सूचना मिली कि वह ब्रह्मपुर इलाके में मौजूद है. इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे धर दबोचा गया. गिरफ्तारी टीम में एसडीपीओ पोलस्त कुमार के साथ पुलिस निरीक्षक सुधीर कुमार, बगेनगोला थानाध्यक्ष अभय शंकर सिंह, डीआइयू बक्सर के मंगलेश कुमार, मधुकर, चंदन कुमार सहित डीआइयू टीम एवं सशस्त्र बल शामिल थे.

जमीन विवाद को लेकर आठ वर्षों से हिंसा की आग में झुलस रहा पोखरहा गांव

पोखरहा गांव वर्षों से जमीन विवाद को लेकर हिंसा की आग में झुलस रहा है. दयाशंकर पांडेय और उनके पट्टीदार छोटक पांडेय के परिवारों के बीच चल रहे इस विवाद में अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है. विजय पांडेय पर दर्ज अधिकांश मामले इसी खूनी संघर्ष से जुड़े हैं. विवाद की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पीड़ित परिवार की सुरक्षा में पुलिस को सैप के जवान तैनात करने पड़े. बताया जाता है कि वर्ष 2021 में सुरक्षा हटते ही मुरार थाना क्षेत्र के मनपा पुल के पास पीड़ित पक्ष के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. इसी घटना के बाद से विजय पांडेय पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था. कुख्यात अपराधी की गिरफ्तारी से पुलिस ने राहत की सांस ली है. वहीं इलाके में कानून-व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद जगी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shailesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >