Buxar News: बक्सर के डुमरांव स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BMP-4) परिसर में प्रशिक्षण प्राप्त करने आए एक हवलदार को गुरुवार को शराब के नशे में पाए जाने पर गिरफ्तार कर लिया गया. अनुमंडलीय अस्पताल में कराई गई मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया.
मोतिहारी जिला बल का है जवान
डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि मोतिहारी जिला बल से बीएमपी-4 में प्रशिक्षण के लिए आए हवलदार दिनेश्वर उपाध्याय के शराब के नशे में होने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर अनुमंडलीय अस्पताल डुमरांव में चिकित्सीय जांच कराई, जहां डॉक्टरों ने शराब पीने की पुष्टि की.
उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज
मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी हवलदार को गिरफ्तार कर लिया. आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
कानून सबके लिए बराबर: पुलिस
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है और कानून का उल्लंघन करने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिसकर्मी (वर्दीधारी) होने के बावजूद आरोपी को किसी तरह की छूट नहीं दी गई, जिससे यह संदेश दिया जा सके कि कानून की नजर में आम नागरिक और पुलिसकर्मी दोनों समान हैं.
Also Read: बक्सर: कतिकनार शिविर में टीबी के 80 मरीजों की हुई निशुल्क जांच, बलगम के सैंपल भेजे गए लैब
