CM Samrat Choudhary Security News : मुख्यमंत्री के बक्सर दौरे के दौरान हेलीकॉप्टर की लैंडिंग नहीं हो पाने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. नगर विकास एवं आवास विभाग ने नगर परिषद बक्सर के कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. विभाग ने उन पर कर्तव्य में लापरवाही, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी और सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक का आरोप लगाया है.
23 मई की घटना बनी कार्रवाई की वजह
जानकारी के अनुसार, 23 मई 2026 को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान किला मैदान में हेलीकॉप्टर की लैंडिंग नहीं हो सकी थी. इसकी वजह रही कि मेदान की सफाई नहीं की गई थी. हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के वक्त काफी धूल उड़ी, जिसकी वजह से लैंडिंग में परेशानी हुई. इसे सुरक्षा में चूक का मामला माना गया.
जांच रिपोर्ट के बाद हुआ फैसला
मामले की जांच के लिए अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में एक टीम गठित की गई थी. जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट जिला पदाधिकारी बक्सर को सौंपी. इसके बाद डीएम ने पूरे मामले की रिपोर्ट नगर विकास एवं आवास विभाग को भेजी. जांच प्रतिवेदन में प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने के बाद विभाग ने यह सख्त कदम उठाया.
नियमों के उल्लंघन का आरोप
विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि कुमार ऋत्विक का आचरण बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली के विपरीत पाया गया है. साथ ही यह भी उल्लेख किया गया कि उनकी लापरवाही से वीवीआईपी सुरक्षा में चूक हुई, जिसे गंभीर मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई.
निलंबन अवधि में नई पोस्टिंग तय
निलंबन अवधि के दौरान कुमार ऋत्विक का मुख्यालय नगर आयुक्त, नगर निगम मुजफ्फरपुर का कार्यालय निर्धारित किया गया है. इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा.
आगे और सख्त कार्रवाई के संकेत
विभाग ने साफ कर दिया है कि यह सिर्फ शुरुआती कार्रवाई है. जल्द ही उनके खिलाफ आरोप पत्र जारी कर विभागीय कार्यवाही भी शुरू की जाएगी. इसके साथ ही नगर परिषद बक्सर में नए कार्यपालक पदाधिकारी की तैनाती की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
यह मामला प्रशासनिक जिम्मेदारी और वीवीआईपी सुरक्षा को लेकर एक बड़ी चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है. सरकार ने साफ संकेत दे दिया है कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अब नजर इस बात पर है कि आगे की विभागीय कार्रवाई में क्या निर्णय लिया जाता है और जिम्मेदारों पर कितनी सख्ती होती है.
