चौसा को विकास योजनाओं की सौगात, 20 करोड़ से अधिक की योजनाओं को मिली स्वीकृति

बक्सर समाहरणालय में चौसा और आसपास के क्षेत्रों के विकास के लिए 20 करोड़ से अधिक की योजनाओं को मंजूरी मिली है. आदर्श उच्च विद्यालय और बालिका उच्च विद्यालय के नए भवनों के निर्माण, शव वाहन, हाईमास्ट लाइट और अखौरीपुर गोला में नगर भवन का निर्माण शामिल है.

Buxuar News : बक्सर समाहरणालय में सांसद सह आर एंड आर समिति के अध्यक्ष सुधाकर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में चौसा नगर पंचायत और आसपास के क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं को मंजूरी दी गई. बैठक में शिक्षा, आधारभूत संरचना और नागरिक सुविधाओं से संबंधित परियोजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई.

दो स्कूल भवनों को मिली प्रशासनिक स्वीकृति

चेयरमैन प्रतिनिधि सह पूर्व जिला पार्षद डॉ. मनोज कुमार यादव ने बताया कि आदर्श उच्च विद्यालय, चौसा के नए भवन निर्माण के लिए लगभग 9.30 करोड़ रुपये की लागत वाली डीपीआर अधीक्षण अभियंता, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, पटना को अनुमोदन के लिए भेजी गई थी. इसी प्रकार बालिका उच्च विद्यालय, चौसा के नए भवन के लिए लगभग 7.65 करोड़ रुपये की लागत वाली डीपीआर भी अग्रसारित की गई थी. सांसद सुधाकर सिंह ने बैठक में ही दोनों परियोजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी. अब जल्द ही इन योजनाओं की निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

शव वाहन व हाईमास्ट लाइट की भी तैयारी

बैठक में नगर पंचायत क्षेत्र के लिए लगभग 35 लाख रुपये की लागत से शव वाहन उपलब्ध कराने तथा श्मशान घाट पर दो हाई मास्ट लाइट लगाने की योजना को भी टेंडर प्रक्रिया में भेजने का निर्देश दिया गया.

अखौरीपुर गोला में बनेगा नगर भवन

इसके अलावा अखौरीपुर गोला, चौसा में लगभग 2.64 करोड़ रुपये की लागत से नगर भवन निर्माण का निर्णय लिया गया. इससे क्षेत्र में प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी.

विकास को मिलेगी नई रफ्तार

डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से चौसा का शैक्षणिक, सामाजिक और आधारभूत ढांचा मजबूत होगा. उन्होंने कहा कि सांसद सुधाकर सिंह का यह प्रयास किसान प्रभावित चौसा क्षेत्र के साथ-साथ पूरे बक्सर लोकसभा क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vinod singh

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >