बक्सर. 22 और 23 सितंबर को श्री वामन देव भगवान की पूजा और 23 सितंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बक्सर भ्रमण को लेकर बक्सर पुलिस ने ट्रैफिक रूट प्लान जारी किया है. पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार 23 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक शहर के कई मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश वर्जित और कुछ मार्गों पर आंशिक रूप से प्रतिबंधित रहेगा.
इन मार्गों पर वाहनों का प्रवेश रहेगा बंद
जारी आदेश के मुताबिक आईटीआई मोड़ से मठिया मोड़, हवाई अड्डा मोड़, सेंट्रल जेल मोड़, ठोरा पुल से दानी कुटिया मोड़ तथा आईटीआई मोड़ से डीएवी मोड़, ज्योति चौक, बस स्टैंड, सिंडिकेट मोड़, गोलंबर से अहिरौली, कथकौली मोड़, चुरामनपुर से पड़री मोड़ तक सभी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा.
चारपहिया और दोपहिया वाहनों के लिए तय किए गए रूट
23 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चारपहिया वाहन, ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा और मोटरसाइकिल के लिए निर्धारित रूट से ही परिचालन होगा. गोलंबर से सारीमपुर पुल, मठिया पुल, मुनिम चौक, जमुना चौक, ठठेरी बाजार होते हुए पुलिस चौकी तक वाहन जा सकेंगे.
इन रास्तों से भी होगा वाहनों का परिचालन
पुलिस चौकी से रामरेखा घाट, पीपी रोड, मुनिम चौक, पुलिस चौकी से नाथ बाबा पुल, जेल मोड़, श्री सुमेश्वर नाथ मंदिर, श्री वामन देव मंदिर, सिपाही घाट और तीन मोहानी घाट तक निर्धारित रूट से परिचालन होगा. वहीं पुलिस चौकी से ज्योति चौक, अंबेडकर चौक, स्टेशन और ईटाढ़ी गुमटी तक भी वाहनों का परिचालन किया जाएगा.
चार जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था
वाहनों की पार्किंग के लिए किला मैदान, बाजार समिति कैंपस, सिपाही घाट और रेलवे स्टेशन के बगल में माल गोदाम के सामने व्यवस्था की गई है. पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थल का ही इस्तेमाल करने की अपील की है.
एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं को मिलेगी छूट
पुलिस के अनुसार रोगी, एंबुलेंस और अति आवश्यक सेवा वाले वाहनों पर ट्रैफिक प्रतिबंध लागू नहीं होगा. रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपने साथ यात्रा का टिकट जरूर रखें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उसे दिखाया जा सके.
बड़े वाहनों की रहेगी नो एंट्री
बक्सर शहर में 22 सितंबर की रात 8 बजे से 23 सितंबर की रात 10 बजे तक बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी. पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक रूट प्लान का पालन करने की अपील की है.
ALSO READ : वामन द्वादशी पर 23 सितंबर को बक्सर आएंगे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, तैयारियों में जुटा प्रशासन
