बक्सर में गंगा स्नान के बाद उमड़ा श्रद्धालुओं की भीड़, ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं; रेलवे ने संभाली कमान

Buxar Railway Station : आद्रा गंगा स्नान के बाद बक्सर स्टेशन पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं रही. पटना, आरा और दानापुर रूट की ट्रेनों में जनरल बोगियां पूरी तरह भर गईं और अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई. रेलवे प्रशासन ने अतिरिक्त कर्मियों और आरपीएफ-जीआरपी की तैनाती कर भीड़ को नियंत्रित किया. कड़ी निगरानी और माइकिंग व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं को सुरक्षित उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया.

Buxar Railway Station : (मृत्युंजय सिंह की रिपोर्ट) सोमवार को बक्सर रेलवे स्टेशन पर उस समय भारी भीड़ देखने को मिली जब आद्रा गंगा स्नान के बाद हजारों श्रद्धालु घर लौटने के लिए एक साथ स्टेशन पहुंच गए. सुबह से ही गंगा घाटों पर स्नान-ध्यान का सिलसिला जारी था और जैसे ही पूजा-अर्चना पूरी हुई, श्रद्धालुओं का रुख सीधे स्टेशन की ओर हो गया. देखते ही देखते स्टेशन परिसर पूरी तरह यात्रियों से भर गया और हर तरफ भीड़ का दबाव बढ़ गया.

सुबह से ही घाटों पर दिखी भीड़

आद्रा गंगा स्नान को लेकर बक्सर के विभिन्न गंगा घाटों पर भोर से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं. दूर-दराज जिलों से आए लोग इस पावन अवसर पर गंगा स्नान कर पुण्य अर्जित करने पहुंचे थे. स्नान के बाद बड़ी संख्या में लोग एक साथ वापस लौटने के लिए बक्सर स्टेशन की ओर बढ़े, जिससे स्टेशन पर अचानक भारी दबाव बन गया.

ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं

जैसे-जैसे ट्रेनों का आगमन हुआ, प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई. पटना, दानापुर, आरा और अन्य रूटों की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ इतनी अधिक थी कि जनरल बोगियों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची. कई यात्रियों को खड़े होकर ही यात्रा करनी पड़ी. प्लेटफॉर्म नंबर एक से चार तक यात्रियों की लंबी कतारें लगी रहीं और हर कोई जल्द से जल्द ट्रेन में सवार होने की कोशिश करता नजर आया. महिलाएं, छोटे बच्चे और बुजुर्ग भी अपने परिवार के साथ ट्रेनों का इंतजार करते दिखाई दिए. भीड़ के कारण प्लेटफॉर्म पर लगातार धक्का-मुक्की जैसी स्थिति भी बनती रही, हालांकि यात्रियों ने संयम बनाए रखा.

Buxar News : रेलवे प्रशासन हुआ सतर्क

भीड़ बढ़ते ही रेलवे प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया. बक्सर स्टेशन पर अतिरिक्त रेलकर्मियों की तैनाती की गई और आरपीएफ तथा जीआरपी के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया. लगातार गश्त कर यात्रियों को कतार में खड़े होकर ट्रेन में चढ़ने की अपील की जाती रही. स्टेशन पर माइकिंग के जरिए ट्रेनों के समय और प्लेटफॉर्म की जानकारी भी लगातार दी जाती रही ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो.

आरपीएफ इंस्पेक्टर कुंदन कुमार ने बताया कि आद्रा स्नान के कारण यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक हो गई थी. ऐसे में भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती की गई और टिकट काउंटरों पर भी स्टाफ बढ़ाया गया.

यात्रियों की मदद में जुटे रेलकर्मी

भीड़ के बीच रेलकर्मी लगातार यात्रियों की मदद करते नजर आए. खासकर बुजुर्गों और महिलाओं को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में सहायता दी गई. कई जगहों पर जवानों ने यात्रियों को सुरक्षित तरीके से बोगियों तक पहुंचाया ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो. स्थानीय यात्रियों और श्रद्धालुओं का कहना था कि आद्रा गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व है और बक्सर का गंगाघाट इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आस्था केंद्र बन जाता है.

अंत में रेलवे की सक्रियता और सुरक्षा व्यवस्था के कारण स्थिति नियंत्रण में रही और श्रद्धालु सुरक्षित अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सके. हालांकि भारी भीड़ के कारण स्टेशन पर काफी देर तक अव्यवस्था जैसी स्थिति बनी रही, लेकिन प्रशासन की मुस्तैदी से कोई बड़ी घटना नहीं हुई.

Also Read: रोहतास के नासरीगंज में छापेमारी, 10 हजार लीटर अवैध शराब और उपकरण नष्ट, तस्कर फरार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Raginisharma

वर्तमान में मैं, रागिनी शर्मा पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके.

पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की.

इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >