बक्सर पुलिस का बड़ा अभियान, 24 घंटे में 23 आरोपी गिरफ्तार, हत्या के प्रयास के तीन अभियुक्त भी दबोचे

Buxar News : बक्सर पुलिस ने 24 घंटे के विशेष अभियान में 23 आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. इसमें हत्या के प्रयास के तीन मुख्य आरोपी और शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वाले छह लोग शामिल हैं. पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि यह अभियान जारी रहेगा.

Buxar News : जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत बक्सर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस ने पिछले 24 घंटे के भीतर अलग-अलग मामलों में कुल 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें से 21 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है.

हत्या के प्रयास के तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, संगीन अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए विशेष रणनीति के तहत जिलेभर में छापेमारी अभियान चलाया गया. इस दौरान हत्या के प्रयास के मामलों में नामजद तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. इसके अलावा अन्य गंभीर मामलों में संलिप्त पांच आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया, जबकि दो मामलों का त्वरित निष्पादन किया गया.

शराबबंदी कानून के तहत छह गिरफ्तार

शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई तेज की. अभियान के दौरान शराब सेवन के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया. वहीं न्यायालय से जारी लंबित वारंटों के निष्पादन के क्रम में 14 वारंटों का निष्पादन किया गया तथा 15 मामलों में कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई. वारंट से संबंधित मामलों में सात आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया. इस दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल भी जब्त की.

वाहन जांच में वसूला गया 50 हजार रुपये जुर्माना

यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से कुल 50 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया. पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने कहा कि अपराधियों, शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों और यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.

Also Read : मौत का रास्ता बना 'चाचरपुल', 14 वर्षीय आर्चना की मौत के बाद भी जान जोखिम में डालकर गुजरने को मजबूर ग्रामीण



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Onkar nath mishra

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >