जबलपुर क्रूज हादसे के बाद बक्सर पुलिस अलर्ट, यात्रा से पहले लाइफ जॅकेट पहनना होगा जरूरी

Buxar News: जबलपुर क्रूज हादसे के बाद बक्सर में भी घाटों पर आने वाले यात्रियों और यात्री नावों को लेकर अधिकारियों ने घाट पर मौजूद नाविकों, पंडा समाज और स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है. जिसके तहत नाविकों से कहा गया है कि वह यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनाकर ही क्रूज से यात्रा करवाएं और नाव पर पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट रखें, जिससे क्रूज हादसे जैसे घटना से बचा जा सके.

Buxar News: मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज नाव हादसे में करीब 13 लोगों की मौत के बाद बिहार में भी यात्री नावों को लेकर सतर्कता बरती जा रही है. इसी के तहत बक्सर जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है. रविवार की दोपहर सदर एसडीएम अविनाश कुमार और एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बक्सर के प्रसिद्ध रामरेखा घाट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और नाविकों को यात्रियों की सेफ्टी से जुड़े कई निर्देश दिए.

क्रूज पर यात्रा करने के लिए लाइफ जैकेट जरूरी

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट पर मौजूद नाविकों, पंडा समाज और स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है. अधिकारियों ने नाविकों से कहा कि सभी नावों एवं स्टीमर पर पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट अनिवार्य रूप से रखें और यात्रियों को भी लाइफ जैकेट पहनाकर ही नाव पर बैठाएं.

एसडीएम अविनाश कुमार ने कहा कि मौसम खराब होने और तेज हवा चलने की स्थिति में नावों का परिचालन तुरंत बंद कर दिया जाएगा, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना ना हो. उन्होंने घाट पर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी नाविकों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील भी की है.

लापरवाही करने पर होगी कार्रवाई

वहीं एसडीपीओ गौरव पांडेय ने कहा कि सुरक्षा मानकों में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन को भी अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है.

बैठक के दौरान पंडा समाज एवं नाविकों ने भी प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग देने का भरोसा दिलाया है. अधिकारियों ने घाट पर मौजूद सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं.

बक्सर से मनीष मिश्रा की रिपोर्ट

Also Read बक्सर में 4 मई को ट्रैफिक रूट में बदलाव: कई सड़कों पर नो एंट्री, देखें पूरा प्लान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By kumarsuryakant

kumarsuryakant is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >