Buxar News : बक्सर में 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारत विकास परिषद, दक्षिण बिहार प्रांत की विश्वामित्र शाखा, बक्सर की ओर से राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता-2026 का आयोजन महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय परिसर में किया गया. शाखा अध्यक्ष वर्षा पाण्डेय के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के 11 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत समूहगान की शानदार प्रस्तुतियां दीं. प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर बालिका खंड, सिविल लाइन ने प्रथम स्थान हासिल किया. प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को अब प्रांत स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा.
दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम् से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन, भारत माता और स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि तथा सामूहिक वंदे मातरम् गायन के साथ हुई. समूहगान की प्रस्तुतियों के दौरान पूरे महाविद्यालय परिसर में राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम का माहौल देखने को मिला. विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया.
11 विद्यालयों ने दिखायी गायन प्रतिभा
प्रतियोगिता में एमपी हाई स्कूल, प्रोजेक्ट बालिका हाई स्कूल इटाढ़ी, एसपी विद्या मंदिर स्कूल, राम जानकी विद्या मंदिर, फाउंडेशन स्कूल, डीएवी पब्लिक स्कूल, कैम्ब्रिज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल, ग्लोबल विजडम स्कूल, हेरिटेज स्कूल अर्जुनपुर और सरस्वती विद्या मंदिर बालिका खंड, सिविल लाइन के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया. शास्त्रीय संगीत की आधारभूमि पर प्रस्तुत राष्ट्रभक्ति गीतों में स्वर, लय, ताल, अनुशासन और सामूहिक भाव का बेहतर समन्वय देखने को मिला.
सरस्वती विद्या मंदिर बालिका खंड ने मारी बाजी
प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर बालिका खंड, सिविल लाइन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. एमपी हाई स्कूल, बक्सर की टीम दूसरे और हेरिटेज स्कूल, अर्जुनपुर की टीम तीसरे स्थान पर रही. विजेता विद्यालयों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान किये गये. वहीं, प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यालयों के विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र और मेडल देकर प्रोत्साहित किया गया.
निर्णायक मंडल ने किया प्रतिभागियों का मूल्यांकन
प्रतियोगिता का मूल्यांकन सुकृति मिश्रा, अनुराग मिश्रा और शुभम कुमार के निर्णायक मंडल ने किया. निर्णायकों ने प्रतिभागियों के स्वर, लय, ताल, अनुशासन, प्रस्तुति और सामूहिक गायन के आधार पर प्रदर्शन का मूल्यांकन किया.
राष्ट्रभक्ति को संस्कार से जोड़ना उद्देश्य
भारत विकास परिषद की विश्वामित्र शाखा की अध्यक्ष वर्षा पाण्डेय ने कहा कि राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं है. इसके माध्यम से बच्चों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, संस्कार और भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन आगे भी जारी रहेंगे.
कई गणमान्य अतिथि रहे मौजूद
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. मृत्युंजय कुमार सिंह, क्षेत्रीय महासचिव मुकेश कुमार, प्रांतीय प्रबंधन संयोजक राधिकांत शर्मा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह राजेन्द्र ठाकुर, महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय के प्राचार्य केके सिंह, उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, पुलिस उपाधीक्षक गौरव पाण्डेय, नगर परिषद बक्सर की अध्यक्षा कमरून निशा और चौसा पंचायत समिति की प्रखंड प्रमुख सुनीता राय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.
सदस्यों के सहयोग से सफल हुआ आयोजन
कार्यक्रम को सफल बनाने में भारत विकास परिषद, विश्वामित्र शाखा के सदस्यों और सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. सचिव संजय राय, कोषाध्यक्ष मनोज दुबे, प्रकाश पाण्डेय, विपीन कुमार, मीरा सिंह, मंझू तिवारी, सरोज, अखिलेश, अमित, विकास कौशिक, भरत वर्मा सहित शाखा के सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया. कार्यक्रम का संचालन अखिलेश ने किया. अंत में धन्यवाद ज्ञापन के बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.
